रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू टीम के फैंस के लिए बहुत अच्छी खबर है, क्योंकि टीम के 5 घरेलू मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेले जाएंगे. RCB फ्रैंचाइजी ने मंगलवार को पुष्टि करते हुए बताया कि बेंगलुरू टीम 5 मैच अपने नियमित होमग्राउंड यानी चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि बाकी 2 घरेलू मैच रायपुर में खेले जाएंगे.
पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीता था. पहली बार ट्रॉफी जीती थी, जाहिर है सेलिब्रेशन भी बड़ा ही होना था लेकिन 4 जून, 2025 की तारीख, जब चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी. उस घटना के बाद इस मैदान में प्रतिस्पर्धात्मक मैचों के आयोजन पर रोक लगा दी गई थी.
RCB को दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा
पिछले साल हुई घटना के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में लोगों की सुरक्षा समेत कई अन्य विषयों पर सवाल उठे थे. मगर कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की कई कोशिशों के बाद कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच करवाने की अनुमति दे दी थी. हालांकि मंजूरी देने से पहले सरकार ने कुछ शर्तें भी सामने रखीं. अच्छी खबर ये है कि अब कम से कम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू टीम को अपने होम मैच खेलने के लिए भी दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा.
RCB ने आधिकारिक स्टेटमेंट जारी करते हुए कर्नाटक सरकार, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन और कर्नाटक पुलिस डिपार्टमेंट का भी धन्यवाद किया कि बेंगलुरू को दोबारा IPL मैचों के आयोजन की अनुमति मिली है. अगला सीजन शुरू होने से पहले चिन्नास्वामी स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर करने का प्रयास किया गया है.
7 घरेलू मैच, 2 मैदान
RCB की टीम IPL 2026 में सात घरेलू मैचों में से 5 चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेलेगी, जबकि उसके 2 होम मैच रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे. बताते चलें कि प्रत्येक सीजन में एक टीम 7 मैच अपने घरेलू और अन्य सात मुकाबले बाहर जाकर खेलती है.