Shubham Ranjane Hit 18 Runs Off Shaheen Afridi: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान और अमेरिका के बीच मुकाबला मंगलवार यानी 10 फरवरी को हुआ. ये मैच कोलंबो के के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेला गया. इस मुकाबले में भले ही पाकिस्तान को जीत मिली हो, लेकिन अमेरिका के बल्लेबाज शुभम रंजने ने शाहीन अफरीदी की गेंदों को अपने बल्ले से जमकर पीटा. शुभम ने अमेरिका के लिए पाकिस्तान से अकेले लोहा लेते हुए अर्धशतक जड़ा. बता दें, इस खिलाड़ी का टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और भारत से खास कनेक्शन है.
पाकिस्तान के खिलाफ लगाया अर्धशतक
पाकिस्तान के खिलाफ 191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की टीम में शुभम रंजने अर्धशतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज रहे. उन्होंने 30 गेंदों में 170 की स्ट्राइक रेट से 51 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 3 चौके शामिल रहे. 31 साल के शुभम रंजने का ये टी20 इंटरनेशनल में पहला अर्धशतक है.
शुभम रंजने ने शाहीन अफरीदी को पीटा
शुभम रंजने ने पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतकीय पारी के दौरान बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की सबसे ज्यादा पिटाई की. उन्होंने शाहीन की 7 गेंदों का सामना करते हुए 257.14 की स्ट्राइक रेट से कुल 18 रन बनाए. शुभम रंजने ने अपनी पारी में लगाए कुल 6 बाउंड्री में से 3 उन्होंने शाहीन अफरीदी के खिलाफ जड़ा.
सूर्यकुमार यादव से कैसा है कनेक्शन?
शाहीन अफरीदी की जमकर पिटाई करने वाले शुभम रंजने का सूर्यकुमार यादव से खास कनेक्शन है. दरअसल, ये दोनों काफी अच्छे दोस्त हैं. दोनों ही साथ में मुंबई क्रिकेट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. शुभम रंजने का सूर्यकुमार यादव से बॉन्ड इतना अच्छा है कि वो उन्हें अपना बड़ा भाई कहते हैं.
कौन हैं शुभम रंजने?
अमेरिका के बल्लेबाज शुभम रंजने भारत से तालुक रखते हैं. शुभम के दादा वसंत रंजने टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्होंने भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले हैं, तो उनके पिता अंडर-19 क्रिकेट में महाराष्ट्र और इंडिया ए के लिए खेल चुके हैं. शुभम भी अपने दादा और पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए क्रिकेटर बन गए और इंटरनेशनल क्रिकेट में अमेरिका को रिप्रजेन्ट कर रहे हैं.