टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर अब बहस तेज हो गई है. अब जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव करने की सलाह दी है.

गावस्कर का मानना है कि ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम में वापस लाया जाना चाहिए. साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें बाहर बैठाया गया था और उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिला था. हालांकि इस मैच में वह बल्ले और गेंद दोनों से खास असर नहीं छोड़ पाए थे. भारत को उस मैच में 76 रन से हार झेलनी पड़ी थी.

किसकी जगह मिल सकता है मौका?

गावस्कर ने सुझाव दिया कि जिम्बाब्वे की टीम में ज्यादा बाएं हाथ के बल्लेबाज नहीं हैं, ऐसे में अक्षर पटेल को शामिल करना टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़े तो तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह अक्षर को खिलाया जा सकता है.

हालांकि गावस्कर ने यह भी माना कि अर्शदीप ने पिछले मैच में अच्छी गेंदबाजी की थी और लय में दिख रहे खिलाड़ी को बाहर करना आसान फैसला नहीं होता है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट शायद उसी संयोजन के साथ मैदान में उतरने का फैसला भी कर सकता है.

टीम मैनेजमेंट का क्या है कहना?

साउथ अफ्रीका के खिलाफ अक्षर को बाहर रखने के फैसले पर टीम मैनेजमेंट ने सफाई दी है. सहायक कोच रयान टेन डोशेट और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा कि अक्षर को टीम से बाहर करने का फैसला पूरी तरह रणनीति के आधार पर लिया गया था. उनका कहना है कि टीम ने मिडिल ओवरों के मैच-अप को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बल्लेबाज को शामिल करने का फैसला किया था. कोचिंग स्टाफ ने यह भी साफ किया कि अक्षर पटेल टीम के अहम सदस्य हैं और यह फैसला उनकी क्षमता पर सवाल नहीं है. टीम मैनेजमेंट के अनुसार, बड़े टूर्नामेंट में हालात के मुताबिक बदलाव करना जरूरी होता है. 

अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जिम्बाब्वे के खिलाफ कप्तान और कोचिंग स्टाफ किस संयोजन के साथ उतरते हैं. सुपर-8 में आगे बढ़ने के लिए भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम साबित हो सकता है. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp