न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया है. 8 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अफगान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए थे. अफगानिस्तान के लिए गुलबदीन नायब ने तूफानी अर्धशतक लगाया. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने 13 गेंद शेष रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया. ये टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा रन चेज है.
इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया था. अफगान टीम ने पावरप्ले के भीतर ही 2 विकेट खो दिए थे, लेकिन गुलबदीन नायब और सेदिकुल्लाह अटल ने मिलकर 79 रनों की पार्टनरशिप कर अपनी टीम की वापसी करवाई. गुलबदीन ने 35 गेंद में 63 रन बनाए. उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी पारी खेलीं, लेकिन कोई बड़ा स्कोर नहीं कर पाया.
न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास
पारी के दूसरे ही ओवर में लगातार गेंदों पर फिन एलन और रचिन रवींद्र आउट हो गए. ऐसे समय में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टीम सीफर्ट ने एक छोर संभाल और 65 रनों की दमदार अर्धशतकीय पारी खेली. वहीं ग्लेन फिलिप्स ने 25 गेंद में 42 रन बनाए. मार्क चैपमैन (28) और डेरिल मिचेल 14 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद लौटे. कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी बल्ले से तबाही मचाई, जो 8 गेंद में 17 रन बनाकर नाबाद रहे.
यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में न्यूजीलैंड का सबसे बड़ा रन चेज है. इससे पहले न्यूजीलैंड का टी20 वर्ल्ड कप में सबसे सफल रन चेज 167 रन का था, जो उसने 2021 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हासिल किया था.
वहीं यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज भी है. इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम था, जिसने 2016 में 154 रनों का टारगेट हासिल कर अफगान टीम को हराया था.
यह भी पढ़ें: