आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की मांग को बुधवार को खारिज कर दिया था. इसके साथ ही आईसीसी ने बीसीबी को अंतिम फैसला लेने के लिए एक दिन की मोहलत दी थी. अब आज फैसले का दिन है. दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 2026 टी20 वर्ल्ड कप के अपने मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने का अनुरोध किया था. बीसीबी ने यह अनुरोध अपने खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद किया था. अब मामले में नया मोड़ आ गया है. बीसीबी ने अंतिम फैसला अपने खिलाड़ियों पर छोड़ दिया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीबी ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जाने का फैसला खिलाड़ियों पर छोड़ दिया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि बोर्ड इस मामले पर अपने खिलाड़ियों का फीडबैक लेना चाहता है. बता दें कि बांग्लादेश 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का एलान कर चुकी है.
आईसीसी ने एक बयान में कहा, “आईसीसी बोर्ड ने गौर किया कि मौजूदा परिस्थितियों में मैचों को शिफ्ट करने से आईसीसी टूर्नामेंट की पवित्रता खतरे में पड़ सकती है और एक वैश्विक शासी निकाय के रूप में संगठन की निष्पक्षता कमजोर हो सकती है.“ आईसीसी के अनुसार, बोर्ड ने स्वतंत्र मूल्यांकनों सहित कई सुरक्षा आकलन की समीक्षा की, जिनमें से सभी ने निष्कर्ष निकाला कि भारत में टूर्नामेंट के किसी भी स्थल पर बांग्लादेश के खिलाड़ियों, अधिकारियों, मीडियाकर्मियों या प्रशंसकों की सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं है.
आईसीसी ने कहा कि अब इतने कम समय में शेड्यूल में बदलाव करना संभव नहीं है और सुरक्षा जोखिम की पुष्टि न होने पर मैचों में बदलाव करना भविष्य के वैश्विक आयोजनों के लिए एक अवांछनीय मिसाल कायम कर सकता है. क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा कि उसके प्रबंधन ने पिछले कुछ हफ्ते में बीसीबी के साथ कई बैठकें और पत्राचार किए हैं, जिसमें टूर्नामेंट की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई है.