विश्व क्रिकेट में हिटमैन के नाम से मशहूर पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ‘पद्म श्री’ मिलने पर इमोशनल हो गए. उनके स्टेटमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. रोहित शर्मा का कहना है कि देश के लिए वह ट्रॉफी जीतने की कोशिश जारी रखेंगे. बता दें कि रोहित टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे में वह खेल रहे हैं. वहीं अगले साल 2027 वनडे विश्व कप होना है और रोहित का सपना इस विश्व कप को जीतने का है.
‘पद्म श्री’ से सम्मानित होने को रोहित शर्मा ने खास पल बताते हुए उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया है, जिन्होंने क्रिकेट करियर में उनका साथ दिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दूरदर्शन स्पोर्ट्स की तरफ से शेयर किए गए वीडियो में रोहित शर्मा ने कहा, “पद्म श्री मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत खास पल है. मैं इस सम्मान के लिए भारत सरकार का धन्यवाद करता हूं. मैं उन सभी लोगों का भी आभारी हूं, जिन्होंने मेरे करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अपने देश के लिए मैच और ट्रॉफियां जीतने की मेरी कोशिश हमेशा जारी रहेगी. धन्यवाद. जय हिंद.”
ऐसा रहा रोहित शर्मा का सफर
रोहित शर्मा का जन्म 30 अप्रैल, 1987 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था. रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं और उनका निकनेम ‘हिटमैन’ है, जो दमदार अंदाज में चौके-छक्के लगाने के कारण पड़ा.
रोहित शर्मा ने 23 जून, 2007 के दिन आयरलैंड के खिलाफ वनडे मैच में अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया. 19 सितंबर, 2007 को अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच खेला और 2013 में टेस्ट क्रिकेट में पहला कदम रखा था. पिछले करीब 18 साल से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे रोहित शर्मा टी20 और टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं.
29 जून को टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में जीत के बाद रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. 159 मैचों के टी20 करियर में रोहित शर्मा ने 4231 रन बनाए. टी20 में रोहित ने 5 शतक और 32 अर्धशतक भी लगाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा ने 4301 रन बनाए हैं. टेस्ट फॉर्मेट में उनके नाम 12 शतक और 18 अर्धशतक हैं. उन्होंने 7 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था.
रोहित शर्मा के नाम 4 ICC ट्रॉफी हैं, जिनमें 2 बतौर कप्तान आई हैं. वो 2007 टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे. उसके बाद रोहित ने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती थी. बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती है.
वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा अब भी सक्रिय हैं. 279 मैचों के ODI करियर में रोहित ने 11,516 रन बनाए हैं. वनडे में उनके नाम 33 शतक और 61 अर्धशतक हैं.