विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी को होने वाले पहले वनडे में सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला वनडे 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा. ये दिन कोहली के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इस दिन उनकी बेटी का जन्मदिन भी है.

विराट कोहली का बल्ला पिछली सीरीज में खूब चला था, विजय हजारे ट्रॉफी में भी उनका शानदार फॉर्म जारी रहा. उम्मीद है यही फॉर्म न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज में भी जारी रहेगा. कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में 2 शतक लगाए थे, अन्य में उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी. अब अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने 94 रन बना लिए तो वह सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ देंगे.

न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन

एकदिवसीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय अभी सचिन तेंदुलकर हैं. सचिन ने इस टीम के खिलाफ 1990 से 2009 के बीच 42 वनडे खेले, जिसमे उन्होंने 1750 रन बनाए. इसमें 5 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं.

कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अभी तक 33 मैचों में 1657 रन बनाए हैं, इसमें 6 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले भारतीय बनने के लिए कोहली को 94 रन और बनाने हैं. जिस फॉर्म में कोहली हैं, जिस तरह का उनका इस टीम के खिलाफ प्रदर्शन रहा है, उसे देखते हुए संभावना है कि सचिन का ये रिकॉर्ड पहले ही मैच में टूट जाएगा.

कब-कहां पर है पहला वनडे?

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला वनडे बीसीए स्टेडियम (कोटांबी, वडोदरा) पर रविवार, 11 जनवरी को खेला जाएगा. मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा. टॉस 1 बजे होगा.

भारतीय वनडे स्क्वाड

रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.

न्यूजीलैंड स्क्वाड

हेनरी निकोल्स, निक केली, विल यंग, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, जोश क्लार्कसन, क्रिस क्लार्क, माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जकारी फौल्कस, डेव्हन कॉनवे, मिशेल है (विकेटकीपर), आदित्य अशोक, जेडन लेनोक्स, काइल जैमीसन, माइकल रे.





Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp