अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-6 का आखिरी मैच भारत और पाकिस्तान के बीच है. ये मैच इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों टीमों की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा हैं. ग्रुप 1 से ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह कंफर्म कर चुकी हैं. ग्रुप 2 से इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच गई है, अब इस ग्रुप से भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर है. इस मुकाबले से पहले क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भारतीय अंडर-19 खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बात की.

बीसीसीआई ने फोटोज शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी. सचिन तेंदुलकर ने वीडियो कॉल के माध्यम से सभी खिलाड़ियों से बात की, उन्हें बताया कि इस हाई प्रेशर गेम में खुद को कैसे तैयार रखना है. बेशक भारतीय अंडर-19 टीम में वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे हैं, जो अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से किसी भी गेंदबाजी को तहस-नहस कर सकते हैं लेकिन एक गलती टीम पर भारी पड़ सकती है. करीब एक महीने पहले ही अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को हराया था, इसलिए अब टीम किसी भी तरह की लापरवाही से बचना चाहेगी.

सचिन तेंदुलकर ने युवा खिलाड़ियों को दिया गुरुमंत्र

बीसीसीआई द्वारा बताया गया कि सचिन तेंदुलकर ने युवा खिलाड़ियों से अपने अनुभव शेयर किए. सचिन ने खिलाड़ियों को लगातार बदलते खेल में सफलता और लंबे समय तक टिके रहने के लिए जरुरी चीजों के बारे में बताया. बीसीसीआई ने अपने पोस्ट में लिखा, “यह सिर्फ टेक्निकल स्किल्स और फिट रहने तक ही सीमित नहीं था, बल्कि सफल होने के लिए फोकस्ड, अनुशासित, विनम्र और जमीन से जुड़े रहने के महत्व के बारे में भी था.”

भारतीय अंडर-19 टीम ने 3 में से 3 मैच जीते हैं. 6 अंक और +3.337 की नेट रन रेट के साथ भारत अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है. पाकिस्तान 4 अंक और +1.484 की नेट रन रेट के साथ तीसरे नंबर पर है. रविवार को पाकिस्तान को हराकर टीम इंडिया सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लेगी, जबकि पाकिस्तान को जीतने के साथ अपना नेट रन रेट भारत से ज्यादा भी करना होगा, नहीं तो जीतकर भी पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा.

कब-कहां देखें भारत बनाम पाकिस्तान मैच लाइव

भारत बनाम पाकिस्तान अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच रविवार, 1 फरवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयनुसार दोपहर 1 बजे से शुरू होगा. मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी.





Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp