टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने समापन की ओर है, इंग्लैंड को छोड़कर अभी किसी टीम का सेमीफाइनल में स्थान पक्का नहीं है. ग्रुप 2 की बात करें तो इंग्लैंड क्वालीफाई कर चुकी है, श्रीलंका आधिकारिक रूप से बाहर हो चुकी है. न्यूजीलैंड अपने दम पर आगे जा सकती है, लेकिन पाकिस्तान के साथ ऐसा नहीं है. चलिए आपको समझाते हैं कि सलमान अली आगा एंड टीम अब सेमीफाइनल में किस तरह पहुंच सकती है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर-8 राउंड में ग्रुप 2 के अभी 2 मैच बचे हैं. अगला मैच 27 फरवरी को इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड है और आखिरी मैच पाकिस्तान बनाम श्रीलंका 28 फरवरी को है. न्यूजीलैंड ने 2 में से एक मैच जीता है और 1 रद्द हुआ है. 3 अंकों के साथ न्यूजीलैंड अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है. कीवी टीम का नेट रन रेट +3.050 का है. पाकिस्तान ने 2 मैचों में से 1 हारा है और उनका एक मैच रद्द हुआ है. पाक टीम का 1 अंक और नेट रन रेट माइनस (-0.461) में है.

अगर शुक्रवार को होने वाले मैच में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को हरा दिया तो उनके 5 अंक हो जाएंगे और वह अंक तालिका में टॉप पर आ जाएगी. 4 अंकों वाली इंग्लैंड दूसरे स्थान पर खिसक जाएगी और पाकिस्तान सेमीफाइनल रेस से बाहर हो जाएगा. क्योंकि अंतिम मैच जीतकर भी पाक सिर्फ 3 अंकों तक पहुंचेगी. लेकिन अगर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हरा दिया तो पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा रहेंगी. जानिए फिर कितनी बड़ी जीत चाहिए होगी.

पाकिस्तान का सेमीफाइनल में जाने का समीकरण

अगर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 15 रनों से हराया तो फिर पाकिस्तान को चाहिए होगा कि वो श्रीलंका के खिलाफ 55 से अधिक रनों से जीत दर्ज करे. अगर इंग्लैंड सिर्फ 1 रन से जीतता है तो फिर पाकिस्तान को 69 रनों से जीत चाहिए होगी.

अगर इंग्लैंड न्यूजीलैंड को 50 रनों से हराता है तो फिर पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ 20 रनों से जीत दर्ज करनी होगी. इस स्थिति में लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को 17.5 ओवरों से पहले जीत दर्ज करनी होगी.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp