टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका के ओपनर पथुम निसांका ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ दिया है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में निसांका ने सिर्फ 52 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाकर अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई. उनकी इस दमदार पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे, जिसकी बदौलत श्रीलंका ने 182 रनों के बड़े लक्ष्य को महज 18 ओवर में हासिल कर लिया.
निसांका की यह पारी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे तेज शतकीय पारियों में शामिल हो गई है. इससे पहले भी इस बड़े मंच पर कई बल्लेबाजों ने तूफानी अंदाज में शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई है.
क्रिस गेल के नाम है सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है. उन्होंने साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सिर्फ 47 गेंदों में शतक पूरा किया था. गेल ने उस मैच में 48 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए थे, जिसमें 5 चौके और 11 छक्के शामिल थे.
टी20 वर्ल्ड कप के पहले शतकवीर भी बने थे गेल
साल 2007 में खेले गए पहले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में भी क्रिस गेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 50 गेंदों में शतक जड़ा था. उन्होंने उस मैच में 117 रन बनाए और टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का पहला शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे.
ब्रैंडन मैकुलम ने भी दिखाया था दम
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने 2012 के टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ 51 गेंदों में शतक जमाया था. उन्होंने उस मैच में 123 रनों की शानदार पारी खेली थी और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.
इन खिलाड़ियों ने भी जड़ा तेज शतक
पाकिस्तान के अहमद शहजाद ने 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ 58 गेंदों में शतक लगाया था. उनके बाद साउथ अफ्रीकी विस्फोटक बल्लेबाज राइली रुसो ने भी बांग्लादेश के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंदो में सेंचुरी ठोक दी थी.
वहीं भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 59 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी.
T20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक
क्रिस गेल – 47 गेंद बनाम इंग्लैंड (2016, मुंबई)
क्रिस गेल – 50 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका (2007, जोहान्सबर्ग)
ब्रेंडन मैकुलम – 51 गेंद बनाम बांग्लादेश (2012, पल्लेकेले)
पाथुम निसांका – 52 गेंद बनाम ऑस्ट्रेलिया (2026, पल्लेकेले)
अहमद शहजाद – 58 गेंद बनाम बांग्लादेश (2014, मीरपुर)
राइली रुसो – 52 गेंद बनाम बांग्लादेश ( 2022, सिडनी)
सुरेश रैना – 59 गेंद बनाम साउथ अफ्रीका (2010, ग्रोस आइलेट)