SA vs NZ Semifinal: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने ऐसा खेल दिखाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में कीवी टीम ने 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में ही हासिल कर इतिहास रच दिया. इस जीत के हीरो रहे फिन एलेन, जिन्होंने 33 गेंदों में शतक जड़कर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक बना दिया.
पावरप्ले में ही मैच लगभग खत्म
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. एलेन और टिम सीफर्ट ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़ दिए. सिर्फ छह ओवर में टीम का स्कोर 84/0 हो गया था, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बन गया है. सीफर्ट ने 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन एलेन उनसे भी आगे निकल गए. उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अपना पचासा पूरा कर लिया.
सीफर्ट के आउट होने के बाद भी एलेन का हमला जारी रहा. अपनी पारी के आखिरी पांच गेंदों में उन्होंने 24 रन ठोक दिए और 33 गेंदों में शतक पूरा किया. उनकी पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे.
मार्को यानसन की कोशिश बेकार
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 169/8 का स्कोर बनाया था. एक समय टीम 77/5 पर संघर्ष कर रही थी, लेकिन मार्को यानसन ने 30 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जो पूरी तरह सही साबित हुआ.
पहली बार 2022 के बाद फाइनल में एंट्री
इस धमाकेदार जीत के साथ न्यूजीलैंड ने 2022 के बाद पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है. अब फाइनल में उनका सामना भारत या इंग्लैंड में से किसी एक से होगा. सबकी नजर इस बात पर भी है कि क्या कीवी टीम इस आक्रामक अंदाज को खिताबी मुकाबले में भी बरकरार रख पाएगी.