आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप-बी का मुकाबला उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब आयरलैंड क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के बीच खेला जाने वाला मैच बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया. पल्लेकेले में लगातार हो रही बारिश के कारण अंपायरों को मैच बिना टॉस करे ही मैच रद्द करने का फैसला लेना पड़ा, जिसका सीधा असर पॉइंट्स टेबल पर पड़ा है.

इस मुकाबले के रद्द होने से सबसे बड़ा झटका ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को लगा है. अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए सुपर-8 में पहुंचने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है. वहीं जिम्बाब्वे इस ग्रुप से सुपर-8 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है.

श्रीलंका पहले ही कर चुका था क्वालीफाई

ग्रुप-बी से श्रीलंका क्रिकेट टीम पहले ही शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मैच जीतकर 6 अंकों के साथ सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी थी. टीम का नेट रन रेट भी काफी मजबूत रहा, जिसने उन्हें बाकी टीमों से काफी आगे रखा है.

अब जिम्बाब्वे के खाते में तीन मैचों से पांच अंक हो गए हैं और टीम का नेट रन रेट भी बेहतर स्थिति में है. उनके पास अभी एक मुकाबला बाकी है, लेकिन उससे पहले ही टीम ने अगले दौर में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है.

आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें खत्म

इस मैच के धुल जाने से आयरलैंड को एक अंक जरूर मिला, लेकिन इससे उनकी स्थिति में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है. चार मैचों में तीन अंक के साथ टीम अब सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी है.

वहीं ऑस्ट्रेलिया की हालत और भी खराब हो गई है. टीम ने अब तक तीन मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल की है और उनके खाते में केवल दो अंक हैं. अगर ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मुकाबला जीत भी लेती है, तब भी टीम के अधिकतम चार अंक ही हो पाएंगे, जो क्वालीफिकेशन के लिए पर्याप्त नहीं होंगे.

ओमान का अभियान भी खत्म

ग्रुप की पांचवीं टीम ओमान क्रिकेट टीम पहले ही अपने शुरुआती तीनों मुकाबले हार चुकी है और उनके खाते में अब तक एक भी अंक नहीं है. ऐसे में उनका टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर भी लगभग खत्म हो चुका है. 

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले ने ग्रुप-बी की तस्वीर पूरी तरह साफ कर दी है, जहां अब सुपर-8 के लिए श्रीलंका और जिम्बाब्वे आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp