T20 WC 2026 IND vs PAK 5 Battles: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी, रविवार को श्रीलंका के कोलंबो में मैदान पर उतरेंगी. मैच की शुरुआत में 24 घंटे से भी कम का वक्त बाकी रह गया है. मुकाबले में आपको कई बैटल्स देखने को मिलेंगी, जिसमें जसप्रीत बुमराह बनाम साहिबजादा फरहान और उस्मान तारिक बनाम हार्दिक पांड्या का नाम शामिल है. तो आइए जानते हैं कि मैच में इस तरह के पांच बैटल्स कौन-कौन से हो सकते हैं.
1- अभिषेक शर्मा बनाम शाहीन अफरीदी
2025 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैच खेले गए थे. इन मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और पाक तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के बीच तीखी नोक-झोक देखने को मिली थी. अभिषेक ने शाहीन के खिलाफ जमकर रन बनाए थे. बात करें दोनों के बीच रिकॉर्ड की, तो शाहीन ने टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक के सामने 19 गेंदें डाली हैं. इन गेंदों पर अभिषेक ने 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए. शाहीन ने अब तक अभिषेक को आउट नहीं किया है.
2- साहिबजादा फरहान बनाम जसप्रीत बुमराह
दूसरा बैटल साहिबजादा फरहान और जसप्रीत बुमराह के बीच देखने को मिलेगा. दोनों के बीच आंकड़ों की बात करें, तो टी20 इंटरनेशनल में बुमराह के खिलाफ 34 गेंदों में साहिबजादा ने 51 रन बनाए हैं. हालांकि बुमराह ने अब तक पाक बल्लेबाज को आउट नहीं किया है.
3- तिलक वर्मा बनाम अबरार अहमद
मुकाबले में एक लड़ाई भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा और अबरार अहमद के बीच भी देखने मिल सकती है. अब तक टी20 इंटरनेशनल में तिलक ने अबरार के खिलाफ 26 गेंदों में 23 रन बना लिए हैं. अबरार ने तिलक को आउट नहीं किया है.
4- सैम अयूब बनाम अर्शदीप
पाकिस्तान के लेफ्ट हैंड बल्लेबाज सैम अयूब और लेफ्टी बॉलर अर्शदीप सिंह के बीच भी तगड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है. सैम ओपनिंग पर आते हैं. वहीं अर्शदीप भी नई गेंद से गेंदबाजी करते हैं.
5- उस्मान तारिक बनाम हार्दिक पांड्या
टूर्नामेंट में अपने एक्शन को लेकर सुर्खियां बटोर रहे पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक वैसे तो सभी भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं, लेकिन हार्दिक पांड्या के खिलाफ उनकी बॉलिंग देखना दिलचस्प होगी.