India Semifinal Qualification Scenario U19 World Cup: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मैच बुलवायो (जिम्बाब्वे) में खेला जा रहा है. मुकाबले में भारतीय टीम पहले बैटिंग कर रही है, पाकिस्तान को अगर सेमीफाइनल में जाना है, तो उसे बहुत तेजी से रन बनाते हुए लक्ष्य चेज करना होगा. यह भारत-पाक मैच किसी क्वार्टरफाइनल से कम नहीं है, क्योंकि इसका विजेता वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में जाने वाली चौथी टीम बनेगी. अभी तक ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अफगानिस्तान अंतिम-4 में जगह पक्की कर चुके हैं.

अगर भारत, पाक टीम को हरा देता है तो वह सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश पा लेगा. वहीं टीम इंडिया को हार मिलती है, तो भी उसकी सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदें समाप्त नहीं होंगी क्योंकि भारत के हारने पर सारा खेल नेट रन-रेट का रह जाएगा. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने खुद डिटेल में पूरा समीकरण समझाया कि पाकिस्तान को कितनी गेंद में टीम इंडिया के खिलाफ लक्ष्य हासिल करना होगा.

पाकिस्तान को इतने ओवर में चेज करना होगा टारगेट

ICC ने सुपर-6 मैच शुरू होने से पूर्व समीकरण जारी किया था. उसके अनुसार पाक टीम पहले बैटिंग करती है, तो उसे 105 रनों के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी. चूंकि टीम इंडिया पहले बैटिंग कर रही है, इसलिए यह समीकरण लागू नहीं होगा.

मान लीजिए टीम इंडिया अगर पाकिस्तान के सामने 251 रनों का टारगेट सेट करती है, तो पाक टीम को 29.4 ओवरों में लक्ष्य चेज करना होगा. वहीं अगर लक्ष्य इससे छोटा होता है, तो पाकिस्तान को 29.4 ओवर से भी जल्दी लक्ष्य को हासिल करना होगा.

नेट रन-रेट में बहुत बड़ा अंतर

सुपर-6 स्टेज के ग्रुप 2 से इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जा चुकी है. अभी टेबल में भारत दूसरे और पाकिस्तान तीसरे नंबर पर है. टीम इंडिया के 6 अंक हैं और उसका नेट रन-रेट +3.337 का है. वहीं पाकिस्तान के 4 अंक हैं और उसका नेट रन-रेट +1.484 है. इसलिए टीम इंडिया अगर छोटे अंतर से यह मैच हार भी जाती है, तो भी उसका सेमीफाइनल का टिकट कट जाएगा.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp