West Indies Captain Shai Hope: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का अंतिम मुकाबला बीते रविवार (01 मार्च) भारत और वेस्टइंडीज के बीच ईडन गार्डन्स में खेला गया. यह एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल था, जिसमें सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बना ली. वहीं मैच में हार के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप तिलमिलाए नजर आए. उन्होंने पत्रकार को सीधे मुंह जवाब नहीं दिया.
बता दें कि होप ने बेहद धीमी पारी खेलते हुए 33 गेंदों पर 32 रन बनाए थे. कैरेबियाई कप्तान को भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया था. होप से उनकी धीमी पर ही बार-बार सवाल पूछा गया, जिस पर वह गुस्सा गए.
धीमी पारी के सवाल पर शाई होप का जवाब
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहले तो होप ने इस बात कबूल किया कि उनकी पारी धीमी थी. उन्हें थोड़ा तेज खेलना चाहिए था. लेकिन जब दोबारा होप से धीमी पर पारी सवाल किया गया, तो उन्होंने ठीक तरह से जवाब नहीं दिया.
वेस्टइंडीज के कप्तान ने कहा, “आप लोग मुझे हंसा रहे हैं. अगर आप यही सुनना चाहते हैं कि मैं जिम्मेदारी लूं, तो ठीक है मैं जिम्मेदारी लेता हूं. मुझे तेज खेलना चाहिए था. लेकिन संघर्ष के वक्त हर खिलाड़ी के लिए मुश्किल होती है. मैं फील्डरों के पास गेंद मार था, लेकिन मुझे नहीं लगा कि मैं खराब बल्लेबाजी कर रहा था. मैं हालात के हिसाब से खेलने की कोशिश कर रहा था.
बड़ा टोटल बनाकर वेस्टइंडीज ने गंवाया मैच
मुकाबले में पहले बैटिंग के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओवर में 195/5 रन बोर्ड पर लगाए. टीम के लिए रोस्टन चेज ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 25 गेंदों में 40 रन बनाए. फिर रन चेज के लिए उतरी टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में 5 विकेट से जीत हासिल कर ली. टीम के लिए संजू सैमसन ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 50 गेंदों में 97* रन स्कोर किए.