Sudeep Kumar Gharami 299 Runs: किसी बल्लेबाज के लिए सबसे मायूसी भरा क्षण कौन सा होगा? 99 पर आउट होना, जी नहीं. यह सवाल बंगाल टीम के बल्लेबाज सुदीप कुमार घरामी से पूछा जाना चाहिए, जो रणजी ट्रॉफी में आंध्र प्रदेश के खिलाफ मैच में 299 रन बनाकर आउट हो गए. बंगाल और आंध्रा के बीच क्वार्टरफाइनल मैच खेला जा रहा है, जिसमें बंगाल टीम सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के बहुत करीब है.
इस क्वार्टरफाइनल मैच में आंध्रा की पहली पारी 295 रनों पर सिमट गई थी. इसके जवाब में बंगाल ने 629 रन बना डाले और पहली पारी में 331 रनों की विशालकाय बढ़त हासिल कर ली. चौथे दिन का खेल खत्म होने तक आंध्रा दूसरी पारी में 3 विकेट खोकर 64 रन बना चुकी है और वह अब भी 270 रनों से पिछड़ रही है. मगर इस मैच में आकर्षण का केंद्र सुदीप कुमार बने, जो 596 गेंद खेलकर 299 के स्कोर पर आउट हो गए.
कौन हैं सुदीप कुमार घरामी?
सुदीप कुमार घरामी का जन्म 21 मार्च, 1999 को बंगाल के उत्तर परगना में हुआ था. वो दायें हाथ से बल्लेबाजी और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. वो ईस्ट जोन, रेस्ट ऑफ इंडिया, टाउन क्लब के लिए खेल चुके हैं. वो इसके अलावा बंगाल टी20 चैलेंज में कंचनजंगा वॉरियर्स और बंगाल प्रो टी20 लीग में मुर्शिदाबाद किंग्स की टीम के लिए भी खेल चुके हैं.
उन्होंने अपना फर्स्ट-क्लास डेब्यू साल 2020 में सौराष्ट्र के खिलाफ मैच में किया था. उस मैच में सुदीप को केवल एक पारी में बैटिंग करने का मौका मिला, जिसमें वो 26 रन बना पाए थे. विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 7 मैचों में दो अर्धशतक समेत 236 रन बनाए थे.
सुदीप कुमार घरामी अभी रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में बंगाल के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. वो अब तक 8 मैचों की 12 पारियों में 651 रन बना चुके हैं. इनमें उनके बल्ले से 2 शतक और 3 फिफ्टी आई हैं.
यह भी पढ़ें: