How To Stay Fit Without Exercise: अक्सर फिट रहने की बात आते ही हमें जिम जॉइन करने, पहाड़ों पर दौड़ने या किसी हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट क्लास में नाम लिखवाने की सलाह दी जाती है. लेकिन हकीकत यह है कि हर किसी के पास न तो इतना वक्त होता है और न ही हर दिन एक्सरसाइज करने का मन, ऐसे में सवाल उठता है कि अगर समय की कमी हो या शरीर साथ न दे, तो क्या फिट रहना संभव है?. चलिए आपको इस सवाल का जवाब देते हैं.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
हेल्थ रिसर्चर जो ब्लॉजेट मानती हैं कि फिटनेस के लिए रोजाना लंबे वर्कआउट जरूरी नहीं होते. यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट, एक्सरसाइज एंड हेल्थ में सीनियर रिसर्च फेलो हैं ब्लॉजेट के मुताबिक, दिनभर में किए गए छोटे-छोटे शारीरिक मूवमेंट भी सेहत पर बड़ा असर डाल सकते हैं. उनका कहना है कि अगर रोजमर्रा की जिंदगी में थोड़ा-सा भी अतिरिक्त प्रयास जोड़ दिया जाए, तो शरीर को उसका फायदा मिलने लगता है.
खुद को फिट रखने के मौके तलाशे जाएं
उनके अनुसार, फिट रहने का एक आसान तरीका यह है कि अपनी दिनचर्या में ऐसे मौके तलाशे जाएं, जहां बिना किसी तैयारी के हल्की-सी तेज एक्टिविटी की जा सके. जैसे लिफ्ट की जगह सीढ़ियां लें. पूरा 10 से 12 फ्लोर चढ़ने की जरूरत नहीं, दो फ्लोर चढ़िए और फिर लिफ्ट ले लीजिए. बस से एक स्टॉप पहले उतर जाएं और आखिरी स्टॉप तक तेज चाल में चलें. अगर आप पहले से वॉक करते हैं, तो दो खंभों या लाइट पोस्ट के बीच रफ्तार थोड़ी बढ़ा दें. रिसर्च बताती है कि दिन में कुछ बार एक-दो मिनट की तेज गतिविधि दिल की सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है.
जिम और खेल कूद पर ही निर्भरता नहीं
ब्लॉजेट यह भी कहती हैं कि हफ्ते में एक-दो बार जिम जाना या कभी-कभार खेलकूद करना अच्छी बात है, लेकिन सिर्फ इसी पर निर्भर रहना सही नहीं। बहुत से लोग एक्सरसाइज करने के बावजूद दिन का ज्यादातर वक्त कुर्सी या सोफे पर बैठे रहते हैं. ऐसे लोगों के लिए वह मानती हैं कि असली चुनौती पूरे दिन के मूवमेंट की है, न कि सिर्फ जिम के कुछ मिनटों की।
उनका कहना है कि लगातार लंबे समय तक बैठे रहना शरीर के लिए नुकसानदेह हो सकता है, भले ही आप रोज वर्कआउट करते हों. इसलिए जरूरी है कि काम के दौरान बीच-बीच में उठें, थोड़ा चलें-फिरें और शरीर को हिलाएं. लंच ब्रेक में टहलना या फोन कॉल के दौरान चलते रहना जैसे छोटे बदलाव भी शरीर को एक्टिव रखने में मदद करते हैं.
फिटनेस के लिए नजरिया बदलने की जरूरत
ब्लॉजेट का मानना है कि फिटनेस को देखने का नजरिया बदलने की जरूरत है, सिर्फ यह गिनने के बजाय कि आपने कितनी एक्सरसाइज की, यह देखना ज्यादा जरूरी है कि आपने दिनभर कितना समय बिल्कुल बिना हिले बिताया. अगर इस समय को कम किया जाए, तो सेहत में अपने आप सुधार दिखने लगता है. उनके मुताबिक, घर के कामकाज, सामान उठाना, सफाई करना या बच्चों के साथ खेलना भी शरीर को सक्रिय रखने के अच्छे तरीके हैं. कोई एक तय नियम नहीं है कि रोज कितनी एक्टिविटी काफी है, लेकिन इतना जरूर कहा जा सकता है कि जितना ज्यादा शरीर को हिलाया जाएगा, उतना ही बेहतर असर सेहत पर पड़ेगा.
यह भी पढ़ें – सिर्फ सुबह-सुबह टहलने से नहीं सुधरेगी हार्ट हेल्थ, जानें क्या-क्या है जरूरी?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator