संजू सैमसन ने अकेले दम पर टीम इंडिया को 2026 टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) के सेमीफाइनल में पहुंचाया… ऐसा कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा. वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू ने 50 गेंदों में 97* रनों की पारी खेली. लेकिन भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने संजू की पारी को शिवम दुबे के 2 चौकों के बराबर बता दिया. 

बताते चलें कि संजू के अलावा कोई भी दूसरा भारतीय बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा नहीं पार कर सका था. शिवम दुबे ने 4 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 8 रन बनाए. हालांकि दुबे ने बहुत अहम वक्त पर चौके लगाए थे, जिसको मद्दे नजर रखते हुए गौतम गंभीर ने बड़ा बयान दिया. 

गौतम गंभीर का बयान 

टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि मेरे लिए शिवम दुबे के दो अहम चौके संजू सैमसन के 97 रनों जितने ही अहम हैं क्योंकि अगर वह चौके नहीं मार पाते, तो शायद उस 97 रनों के बारे में बात भी नहीं होती. इसलिए उनका छोटा सा योगदान बहुत खास था और यह एक टीम खेल है और हमेशा एक टीम खेल ही रहेगा.”

गौतम गंभीर को आंकड़ों पर भरोसा नहीं

गंभीर ने पीसी आंकड़ों को लेकर बात करते हुए कहा, “सच कहूं तो मुझे आंकड़ों पर भरोसा नहीं है. मैं कभी आंकड़े नहीं देखे. मुझे पता भी नहीं है कि आंकड़े क्या होते हैं. मैं उन पर बिल्कुल भी यकीन नहीं करता, क्योंकि मुझे लगता है कि वे ज्यादातर सहज ज्ञान पर आधारित होते हैं.”

सेमीफाइनल को लेकर क्या बोले?

सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत इंग्लैंड से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगी. इस मुकाबले पर बात करते हुए गंभीर ने कहा, “उनकी टीम (इंग्लैंड) एक वर्ल्ड क्लास टीम है. उनके पास तमाम बेहतरीन खिलाड़ी भी हैं. हम सभी जानते हैं कि वानखेड़े में खेलना आसान नहीं होता है. उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे.”



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp