New Zealand Poor Performance Against South Africa: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत के खिलाफ करारी हार का सामना करने वाली न्यूजीलैंड की टीम को एक और हार मिली है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में कीवी टीम को सात विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी. रविवार यानी 15 मार्च को बे ओवल में मिली इस आसान जीत के साथ प्रोटियाज टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम महज 91 रन पर ऑलआउट हो गई थी. न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में खेली टीम के 8 खिलाड़ियों को साउथ अफ्रीका सीरीज में आराम दिया है.
टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड का दूसरा सबसे छोटा स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 14.3 ओवर में सिर्फ 91 रन पर ऑलआउट हो गई. साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी के सामने कीवी टीम बुरी तरह संघर्ष करती हुई नजर आई, जिस वजह से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. साउथ अफ्रीका के खिलाफ न्यूजीलैंड का टी20 इंटरनेशनल में ये दूसरा सबसे छोटा स्कोर है. साल 2012 में कीवी टीम 86 रन के स्कोर पर सिमट गई थी. इस फॉर्मेट में कीवी टीम का सबसे छोटा स्कोर 60 रन का है. श्रीलंका ने साल 2014 में और बांग्लादेश की टीम ने साल 2021 में इसी स्कोर पर ऑलआउट कर दिया था.
Dream Debut! 🌟
Nqobani Mokoena announces himself on the international stage with a Player of the Match performance. 🇿🇦👏#Unbreakable pic.twitter.com/RlaZR2sMXl
— Proteas Men (@ProteasMenCSA) March 15, 2026
एनकोबानी मोकोएना ने किया यादगार डेब्यू
साउथ अफ्रीका के लिए सिर्फ 19 साल के उम्र में डेब्यू करने वाले एनकोबानी मोकोएना ने यादगार प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने पहले इंटरनेशनल में शानदार गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए. उनके अलावा, जेराल्ड कोएत्जी और ओटनिल बार्टमैन ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कप्तान केशव महाराज ने भी दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड को सस्ते में समेटने में मदद की.
साउथ अफ्रीका ने 17 ओवर के भीतर ही हासिल किया लक्ष्य
न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 92 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने 16.4 ओवर में आसानी से जीत हासिल कर ली. प्रोटियाज टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन ने शांत और संयमित पारी खेलते हुए 48 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए, जिसमें दो चौके और इतने ही छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी ने साउथ अफ्रीकी टीम को सात विकेट से जीत दिलाई.
एनकोबानी मोकोएना को मिला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’
एनकोबानी मोकोएना ने अपने डेब्यू मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद कहा कि वे अपने पहले मैच के प्रदर्शन से खुश हैं. उन्होंने आगे कहा, ‘सीरीज के पहले मैच में डेब्यू करना बहुत अच्छा लगा. मेरे पहले दो ओवर वैसे नहीं गए जैसे मैं चाहता था और मुझे लगा कि शायद मुझे विकेट नहीं मिलेगा, लेकिन गेंदबाजों के लिए हालात काफी मददगार थे. गेंद में मूवमेंट था और मैं अपनी स्लो बॉल्स का अच्छा इस्तेमाल कर सका. मुझे ये अनुभव बहुत पसंद आया.’