सरफराज खान हर फॉर्मेट में प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ गुरुवार को तूफानी शतक जड़ा. वह दिन का खेल खत्म होने तक 142 रन बनाकर नाबाद रहे. मुंबई के प्लेयर ने इस पारी में 5 छक्के और 11 चौके लगाए. दूसरे दिन वह पारी को आगे बढ़ाएंगे. इससे पहले लिस्ट ए (वनडे फॉर्मेट) में सरफराज द्वारा अच्छी बल्लेबाजी देखने को मिली थी, टी20 में भी उन्होंने प्रभावित किया.
सरफराज खान द्वारा खेली गई पिछली 10 पारियों की बात करें तो इसमें तीनों फॉर्मेट शामिल हैं. टी20 फॉर्मेट में खेली जाने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने हरियाणा के खिलाफ 64 और राजस्थान के खिलाफ 73 रनों की शानदार पारी खेली. इसके बाद सरफराज ने 6 लिस्ट ए के मैच खेले. विजय हजारे में उन्होंने गोवा के खिलाफ 157 रन बनाए. इसके आलावा उत्तराखंड (55) और पंजाब (62) के खिलाफ भी उन्होंने अर्धशतक जड़ा.
रणजी ट्रॉफी में गरजा सरफराज खान का बल्ला
हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने 3 विकेट 82 रनों पर गंवा दिए थे. अखिल हेरवाडकर (27), आकाश आनंद (35) और मुशीर खान (11) सस्ते में आउट हो गए. तब सरफराज खान ने चौथे विकेट के लिए सिद्धेश लाड के साथ 249 रनों की साझेदारी की.
सिद्धेश लाड ने 2 छक्के और 10 चौकों की मदद से 104 रन बनाए, उन्हें रोहित रायडू ने आउट किया. सरफराज खान ने पहले दिन शतक लगाया, उन्हें कोई गेंदबाज आउट नहीं कर सका. वह 164 गेंदों में 142 रन बनाकर नाबाद हैं.
दिसंबर, 2024 में खेला था आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच
सरफराज खान ने फरवरी, 2024 में टीम इंडिया के लिए टेस्ट में डेब्यू किया था. वह 6 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 371 रन हैं. इस फॉर्मेट में वह 1 शतक और 3 अर्धशतक लगा चुके हैं. दिसंबर, 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वह पहली पारी में शून्य और दूसरी पारी में 1 रन बनाकर आउट हुए थे. इसके बाद उन्हें फिर मौका नहीं मिला, हालांकि जिस तरह का प्रदर्शन वह कर रहे हैं उससे लगता है कि जल्द उनकी टीम में वापसी होगी.
बता दें कि इस बार सरफराज खान आईपीएल में भी खेलते हुए नजर आएंगे, उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा है. इससे पहले वह आखिरी बार 2023 में आईपीएल खेले थे.