भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ क्रिकेट के मैदान पर ही नहीं, बल्कि अपने कूल अंदाज और फैन कनेक्शन के लिए भी जाने जाते हैं. हाल ही में धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने एक फैन की बाइक पर ऑटोग्राफ दिया. बस फिर क्या था, 3 लाख की बाइक की वैल्यू सीधी 3 करोड़ बताई जाने लगी!

धोनी का ऑटोग्राफ बना करोड़ों का

धोनी इन दिनों रांची में अपने फार्महाउस पर समय बिता रहे हैं. इसी दौरान एक फैन अपनी Royal Enfield Interceptor 650 लेकर धोनी से मिलने पहुंचा. वीडियो में देखा जा सकता है कि धोनी बाइक की तारीफ करते हैं और फिर लाल रंग की इस रॉयल एनफील्ड के पेट्रोल टैंक पर साइन कर देते हैं. धोनी का सिग्नेचर मिलते ही फैन की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और मजे लेते हुए एक यूजर ने लिखा, “3 लाख की बाइक अब 3 करोड़ की हो गई.”

वहीं, जाने से पहले धोनी ने फैन से मुस्कुराते हुए कहा, “चलाकर रिपोर्ट देना.” यही लाइन अब सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है.

सोशल मीडिया पर मचा बवाल

यह वीडियो इंटरनेट पर 52 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. धोनी के इस जेस्चर ने सभी का दिल जीत लिया. कई फैंस ने कमेंट में लिखा, “कितना भाग्यशाली है वो लड़का जिसने धोनी से साइन करवाया.” एमएस धोनी के एक फैन पेज ने भी इस वीडियो पर रिएक्शन दिया और कमेंट किया, “Ride with Mahi?”

बाइक और कारों के जबरदस्त कलेक्टर हैं धोनी

धोनी का ऑटोमोबाइल्स के प्रति प्यार किसी से छिपा नहीं है. उनके रांची स्थित फार्महाउस में एक बड़ा गैराज है, जिसमें विंटेज से लेकर सुपरबाइक तक मौजूद हैं. उनके कलेक्शन में शामिल हैं – कावासाकी निंजा एच2, कॉन्फेडरेट एक्स132 हेलकैट, कावासाकी निंजा जेडएक्स-14आर, हार्ले डेविडसन फैटबॉय, डुकाटी 1098, यामाहा आरडी350, यामाहा राजदूत, सुजुकी शोगुन, बीएसए गोल्डस्टार और नॉर्टन जुबली 250 जैसी कई शानदार बाइक्स. हाल ही में धोनी को रांची में एक विंटेज Rolls-Royce चलाते हुए भी देखा गया था.

IPL में फिर दिखेंगे माही

धोनी के फैंस के लिए खुशखबरी ये है कि वे अभी रिटायर नहीं हो रहे हैं. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सीईओ कासी विश्वनाथन ने पुष्टि की है कि माही अगले सीजन में फिर मैदान पर नजर आएंगे. यानी “थाला” का जादू IPL 2026 में भी जारी रहेगा. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp