आंद्रे रसेल ने आईपीएल से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया है. 2014 से कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे आंद्रे रसेल को आगामी सीजन (IPL 2026) से पहले केकेआर ने रिटेन नहीं किया था. रसेल एक शानदार ऑलराउंडर हैं, इसलिए माना जा रहा था कि उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए सभी फ्रेंचाइजियों के बीच ऑक्शन में कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है. लेकिन उससे पहले ही रसेल ने आईपीएल से संन्यास का एलान कर दिया है.
आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने सिर्फ 12 खिलाड़ियों को ही रिटेन किया था. सबसे चौंकाने वाली बात ये थी कि इसमें आंद्रे रसेल का नाम नहीं था, जो केकेआर के पोस्टर बॉय के तौर पर जाने जाते थे. आंद्रे रसेल ने आईपीएल से रिटायरमेंट का एलान करते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें केकेआर में बिताए उनके कुछ यादगार लम्हें थे. इसके साथ बताया कि वह IPL 2026 में केकेआर में एक नए रोल में नजर आएंगे.
आंद्रे रसेल ने IPL से लिया संन्यास
आंद्रे रसेल ने लिखा, “IPL से संन्यास ले रहा हूं, लेकिन स्वैग नहीं छोड़ रहा. आईपीएल करियर शानदार रहा, 12 सीजनों की यादें, और केकेआर परिवार से मिला ढेर सारा प्यार. मैं दुनिया की अन्य क्रिकेट लीग में छक्के मारता रहूंगा और विकेट लेता रहूंगा.”
रसेल ने आगे लिखा, “और सबसे अच्छी बात क्या है? कि मैं घर नहीं छोड़ रहा हूं. आप मुझे एक नए रोल में देखेंगे, केकेआर के सपोर्ट स्टाफ में, 2026 के पावर कोच के तौर पर. नया चैप्टर, नई एनर्जी. हमेशा नाइट के लिए.”
आंद्रे रसेल का IPL करियर
आंद्रे रसेल केकेआर के पोस्टर बॉय के तौर पर जाने जाते थे, इसलिए कई लोगों को जानकार हैरानी होगी कि रसेल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलकर अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी. वह 2012 और 2013 में दिल्ली के लिए खेले थे, 2014 में वह केकेआर में शामिल हुए और तब से इस टीम के खास सदस्य बन गए.
- आंद्रे रसेल DC के लिए- 7 मैच, 58 रन और 1 विकेट
- आंद्रे रसेल KKR के लिए- 133 मैच, 2593 रन और 122 विकेट
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
- केकेआर ने कितने खिलाड़ियों को रिटेन किया?- 12 (2 विदेशी)
- रिटेन प्लेयर्स पर कुल खर्च- 60.70 करोड़ रुपये
- IPL 2026 ऑक्शन में केकेआर का अवेलेबल बैलेंस- 64.30 करोड़ रुपये
केकेआर के रिटेन प्लेयर्स: अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, मनीष पांडे, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, रोवमन पॉवेल, सुनील नरेन, उमरान मलिक, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती.