पूर्व भारतीय कप्तान और समय के दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव मौजूदा समय में गोल्फ के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट पीजीटीआई यानी पेशेवर गोल्फ टूर के अध्यक्ष हैं. इस टूर्नामेंट में बांग्लादेशी खिलाड़ी भी खेलते हैं. ऐसे में उनसे पूछा गया कि क्या पीजीटीआई से भी बांग्लादेशी खिलाड़ी बाहर किए जाएंगे तो उन्होंने कहा कि हम इस पर बात करेंगे. अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है.
पीजीटीआई में खेलते हैं कई बांग्लादेशी खिलाड़ी
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में अगले महीने टी20 विश्व कप के लिए अपनी टीम नहीं भेजने का फैसला लिया है. बीसीबी ने यह फैसला मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद लिया है. ऐसे में पीजीटीआई से भी बांग्लादेशी खिलाड़ियों को बाहर करने की चर्चा हो रही है.
पीजीटीआई टूर से बांग्लादेशी खिलाड़ियों को बाहर करने की संभावना के बारे में पूछने पर कपिल देव ने कहा, “हम इस पर बात करेंगे. अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है.“ बता दें कि बांग्लादेश के जमाल हुसैन, मोहम्मद सिद्दीकुर रहमान और मोहम्मद अकबर हुसैन समेत कई प्रमुख गोल्फर पीजीटीआई टूर पर खेलते हैं.
हम आईपीएल जैसा गोल्फ भी करना चाहते हैं- कपिल देव
कपिल देव ने आईसीसी को पत्र लिखने वाले बीसीबी के ताजा फैसले पर टिप्पणी से इनकार कर दिया. 1983 विश्व कप विजेता कप्तान पीजीटीआई की फ्रेंचाइजी आधारित गोल्फ लीग ‘ 72 द लीग’ के उद्घाटन से इतर मीडिया से मुखातिब थे. कपिल ने कहा कि भारत को गोल्फ के विकास के लिए टीम आधारित ढांचे की जरूरत है. उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के बाद भारतीय क्रिकेट में आए बदलाव का भी उदाहरण दिया.
उन्होंने कहा, “मैं क्रिकेट खेलता था जो टीम का खेल है जबकि गोल्फ व्यक्तिगत खेल है, लेकिन भारत को गोल्फ में भी टीम फॉर्मेट की जरूरत है. इंडियन प्रीमियर लीग आने के बाद क्रिकेट में जो बदलाव आया, हम इस लीग के जरिये गोल्फ में भी वही करना चाहते हैं.“