T20 World Cup 2026: भारत में होने वाले ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर हाल ही में ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की सुरक्षा से जुड़ी मांगों को आईसीसी ने नहीं माना है. हालांकि अब इन खबरों पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और पूरे मामले पर स्थिति साफ कर दी है.

सुरक्षा चिंता पर ICC का भरोसा

BCB की मीडिया रिलीज के अनुसार, उसने भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान बांग्लादेश राष्ट्रीय टीम की सुरक्षा को लेकर ICC से चिंता जताई थी. इसके जवाब में ICC ने कहा है कि वह टूर्नामेंट में बांग्लादेश टीम की पूरी और बिना किसी रुकावट के भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरा आश्वासन देता है. ICC ने यह भी साफ किया है कि सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जाएगा.

BCB के सुझावों पर होगा विचार

ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भरोसा दिलाया है कि टूर्नामेंट की पूरी सुरक्षा योजना बनाते समय BCB की ओर से दिए गए सुझावों और इनपुट्स को शामिल किया जाएगा. ICC और BCB मिलकर काम करेंगे, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो और टीम पूरे फोकस के साथ टूर्नामेंट खेल सके.

अल्टीमेटम वाली खबरों को बताया गलत

BCB ने मीडिया में चल रही उन खबरों का भी खंडन किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि ICC ने बांग्लादेश को कोई अल्टीमेटम दिया है या मैचों को लेकर दबाव बनाया है. बोर्ड ने साफ शब्दों में कहा है कि ऐसी सभी रिपोर्ट्स झूठी, बेबुनियाद और गलत हैं. ICC की ओर से भेजे गए आधिकारिक संदेश में ऐसी किसी भी बात का जिक्र नहीं है.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ये भी कहा है कि वह ICC और टूर्नामेंट से जुड़े सभी अधिकारियों के साथ सकारात्मक और पेशेवर तरीके से बातचीत जारी रखेगा. बोर्ड का मकसद किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि आपसी सहमति से ऐसा समाधान निकालना है जिससे टीम सुरक्षित रहे और टूर्नामेंट भी सफल हो.

टीम की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता

BCB ने आखिरी में यह भी दोहराया कि बांग्लादेश राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की सुरक्षा, संरक्षा और खिलाड़ियों की भलाई से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. बोर्ड हर हाल में यह सुनिश्चित करना चाहता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम सुरक्षित माहौल में खेले. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp