टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो गया है. भारत और श्रीलंका में आयोजित हो रहा ये टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू होगा, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इससे पहले अफगानिस्तान टीम के एक खिलाड़ी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. 19 वर्षीय अल्लाह गजनफर के पिता का निधन हो गया है.
अल्लाह गजनफर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अफगानिस्तान टीम के मुख्य स्क्वॉड में शामिल नहीं हैं, लेकिन उन्हें रिजर्व प्लेयर्स में शामिल किया गया है. बता दें कि आधिकारिक रूप से कोई भी देश 31 जनवरी तक अपनी टीम में बदलाव कर सकता है, लेकिन इसके बाद या टूर्नामेंट के बीच किसी भी टीम को बदलाव के लिए आईसीसी की परमिशन चाहिए होगी.
अल्लाह गजनफर ने दी पिता के निधन की जानकारी
अल्लाह गजनफर ने अपने पिता के निधन की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी. गजनफर इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी संस्करण (IPL 2026) में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने 4.80 करोड़ रूपये में रिटेन किया था.
19 वर्षीय अफगानिस्तानी गेंदबाज दुनिया भर की कई क्रिकेट लीग में खेल चुका है. उन्होंने अफगानिस्तान के लिए 1 टेस्ट, 14 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें क्रमश 4, 23 और 2 विकेट लिए हैं.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान का स्क्वॉड
राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, अब्दुल्ला अहमदजई, सेदिकुल्लाह अटल, फजलहक फारूकी, रहमानुल्लाह गुरबाज, नवीन उल हक, मोहम्मद इशाक, शाहिदुल्लाह कमाल, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नैब, अजमतुल्लाह उमरजई, मुजीब उर रहमान, दरविश रसूली, इब्राहिम जादरान.
रिजर्व: एएम गजनफर, इजाज अहमदजई और जिया उर रहमान शरीफी.
ग्रुप डी में हैं अफगानिस्तान
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ग्रुप डी में शामिल है, जिसमें अन्य चार टीमें कनाडा, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और यूएई हैं. अफगानिस्तान कनाडा और यूएई के खिलाफ मजबूत रह सकती है, उन्हें असली चुनौती न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका से मिलेगी. हालांकि ये टीम इतिहास में कई बड़े उलटफेर कर चुकी है, जिससे अगर ये टीम सुपर-8 में पहुंचे तो ज्यादा हैरानी नहीं होगी.