आईसीसी और बांग्लादेश के बीच टी20 विश्व कप 2026 को लेकर उठा विवाद अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा मुद्दा बन चुका है. इस पूरे मामले में जहां भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश आमने-सामने नजर आ रहे हैं, वहीं सह-मेजबान श्रीलंका ने अब तक चुप्पी साध रखी थी. हालांकि अब श्रीलंका ने पहली बार इस विवाद पर खुलकर अपनी बात रख दी है.

अब श्रीलंका ने क्या कहा?

काफी दिनों तक चुप रहने के बाद अब श्रीलंका ने इस पूरे विवाद पर अपना रुख साफ किया है. श्रीलंका क्रिकेट के सचिव बंदुला डिसानायके ने कहा कि उनका देश किसी भी तरह के राजनीतिक विवाद में नहीं पड़ना चाहता है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश – तीनों श्रीलंका के मित्र देश हैं और श्रीलंका किसी एक पक्ष का साथ नहीं देगा. उनका कहना था कि सह-मेजबान होने के बावजूद श्रीलंका इस मामले में निष्पक्ष बना रहेगा.

टूर्नामेंट पर पूरा फोकस

श्रीलंका के खेल मंत्रालय ने भी साफ किया है कि उनकी पहली प्राथमिकता टी20 विश्व कप 2026 का सफल आयोजन है. खासतौर पर भारत-पाकिस्तान मुकाबलों को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर खास नजर रखी जा रही है. गौरतलब है कि मौजूदा हालात को देखते हुए पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा, जिसमें भारत के खिलाफ मैच भी शामिल है.

कहां से शुरु हुआ था विवाद?

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत में खेले जाने वाले अपने मैचों को लेकर आपत्ति जताई थी. इसके बाद से विवादों का दौर शुरु हो गया. टीम को शुरुआती दौर में कोलकाता और मुंबई में मुकाबले खेलने थे. बांग्लादेश ने सुरक्षा का हवाला देते हुए आईसीसी से मांग की थी कि उसके सभी मैच श्रीलंका में कराए जाएं.

आईसीसी ने इस मांग पर विचार जरूर किया, लेकिन अंत में साफ मना कर दिया. बोर्ड ने बांग्लादेश को 24 घंटे का समय दिया कि वह टूर्नामेंट में खेलने पर अंतिम फैसला बताए. बांग्लादेश ने तय समय तक कोई जवाब नहीं दिया. इसके के बाद आईसीसी ने बड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया.

पाकिस्तान भी दिखा नाराज

बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान ने भी इस फैसले पर नाराजगी जताई. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खुलकर बांग्लादेश का समर्थन किया और यहां तक संकेत दिए कि पाकिस्तान भी विश्व कप का बहिष्कार कर सकता है या भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट कर सकता है. इसी वजह से यह मामला और ज्यादा गरमाता चला गया.

कब शुरू होगा टी20 विश्व कप

टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में पाकिस्तान क्या फैसला लेता है और क्या यह विवाद आगे और बड़ा रूप लेता है या नहीं. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp