2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जा रहा है. बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी और 49.5 ओवर में 252 रनों पर ऑलआउट हो गई है. इस तरह करो या मरो के मैच में भारत ने पाकिस्तान को 253 रनों का लक्ष्य दिया है. यह मैच किसी सेमीफाइनल से कम नहीं है. दरअसल, इस मैच से 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप की चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला होगा. अब तक ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अफगानिस्तान सेमीफाइनल में क्वालीफाई कर चुके हैं.

सबसे पहले आपको बता दें कि सेमीफाइनल के लिए भारत को सिर्फ जीत जरूरी है, लेकिन पाकिस्तान को यह लक्ष्य 33.3 ओवर में चेज करना होगा, तभी वो सेमीफाइनल में प्रवेश करेगा. लीग स्टेज में अब तक भारत का नेट रन रेट पाकिस्तान से काफी बेहतर है. इसलिए भारत को सिर्फ इस मैच में जीत चाहिए. जीत के बाद वो सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगा. 

वैभव सूर्यवंशी के आउट होते ही लगी विकेटों की झड़ी

पहले बैटिंग करने उतरी भारत की टीम को वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दिलाई. वैभव ने 22 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए. वह जब आउट हुए तो टीम इंडिया का स्कोर 8वें ओवर में 47 रन था. इसके बाद 47 पर ही 3 विकेट गिर गए. आरोन जॉर्ज 25 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए तो कप्तान आयुष म्हात्रे खाता खोले बिना पवेलियन लौटे.

वेदांत त्रिवेदी का जुझारू अर्धशतक, अम्ब्रीश और कनिष्क चौहान ने भी दिया योगदान

47 रनों पर 3 विकेट गिरने के बाद वेदांत त्रिवेदी ने पारी को संभाला. उन्होंने 98 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 68 रनों की पारी खेली. वहीं आरएस अम्ब्रीश ने 29 और कनिष्क चौहान ने 35 रनों का योगदान दिया. कनिष्क चौहान ने 29 गेंद में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रनों की पारी खेली. अंत में खिलन पटेल ने भी 15 गेंद में 21 रनों का योगदान दिया.

पाकिस्तान के लिए अब्दुल सुभहान ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए. वहीं मोहम्मद सयाम ने दो विकेट चटकाए. इसके अलावा अली रजा, अहमद हुसैन और अली हसन बलोच को एक-एक सफलता मिली.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp