पाकिस्तान ने बिल्कुल अंत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने से इनकार किया. बीते रविवार (01 फरवरी) को पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उनकी टीम आगामी टी20 विश्व कप में तो खेलेगी, लेकिन 15 फरवरी को श्रीलंका में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी. पाकिस्तान का यह फैसला तकरीबन 4500 करोड़ रुपये का नुकसान करवा सकता है.
बता दें कि किसी भी वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाने वाला मैच सबसे ज्यादा देखा जाता है, जिसके साथ सबसे ज्यादा कमाई भी इसी मैच से होती है. अब अगर आगामी टी20 विश्व कप में यह मुकाबला नहीं खेला जाता है, तो इससे नुकसान भी सबसे ज्यादा होगा. तो आइए जानते हैं किन-किन तरीकों से भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला ना होने पर 4500 करोड़ का नुकसान हो सकता है.
इन-इन तरीकों से होगा नुकसान
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच का अनुमानित मूल्य 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर (4,500 करोड़ रुपये) है, जिसमें ब्रॉडकास्टिंग, प्रीमियम विज्ञापन, स्पॉन्सरशिप, टिकट बिक्री और लीगल सट्टेबाजी जैसी अन्य सभी गतिविधियां शामिल हैं. वैल्यू के मामले में भारत-पाकिस्तान के अलावा दूसरा कोई भी मैच इसके करीब भी नहीं आता है.
विज्ञापन की कमाई
भारत-पाकिस्तान मुकाबले में सिर्फ विज्ञापन से अनुमानित कमाई करीब 300 करोड़ रुपये की होती. मैच में विज्ञापन का 10 सेकेंड का स्लॉट 25 से 40 लाख रुपये का था. यह संभवत: पूरे टूर्नामेंट में सबसे महंगा एड स्लॉट था. इस मैच के हटाने पर टी20 विश्व कप पूरी वित्तीय संरचना बदल सकती है.
भारत और पाकिस्तान को भारी नुकसान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच न होने पर भारत और पाकिस्तान को करीब 200 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है.
PCB का भारी नुकसान
कथित तौर पर पाकिस्तान बोर्ड को आईसीसी की तरफ से 5.75% का रेवेन्यू मिलता है. यह रेवेन्यू करीब 34.51 मिलियन डॉलर (करीब 316 करोड़ भारतीय रुपये) तक हो सकता है. PCB पर इस रेवेन्यू से भी हाथ धोने का खतरा मंडरा रहा है.
टिकट बिक्री का भारी नुकसान
वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला दुनिया के किसी भी देश में खेला जाए, स्टेडियम लगभग फुल पैक ही रहता है. वहीं भारत-पाक मैच के लिए टिकट भी बाकी मुकाबलों की तुलना में काफी महंगे बिकते हैं. मैच नहीं होने की सूरत में टिकट भी नहीं बिकेंगे, जिससे भारी नुकसान होगा. अगर टिकट बिक भी गए होंगे, तो आयोजकों उनका रिफंड करना पड़ेगा.