ICC T20 World Cup Warm Up Matches 2026: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है. इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले वॉर्म अप मुकाबले खेले जा रहे हैं. सोमवार यानी 2 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में इंडिया ए और अमेरिका के बीच खेला गया, जिसे इंडिया ए ने 38 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए ने नारायण जगदीशन की शानदार शतकीय पारी की मदद से 3 विकेट पर 238 रन ठोक दिए. जवाब में अमेरिका की पारी आखिरी ओवर में 200 रनों पर सिमट गई.

प्रियांश आर्य और नारायण जगदीशन ने दी विस्फोटक शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए को प्रियांश आर्य और नारायण जगदीशन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई. प्रियांश ने सौरभ नेत्रवाल्कर के खिलाफ पारी की पहली गेंद पर चौका मारा. तीसरे ओवर में प्रियांश और जगदीशन ने मिलिंद कुमार के खिलाफ 19 रन बटोरे. चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर जसदीप सिंह ने प्रियांश को आउट कर दिया. उन्होंने 13 गेंद पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 28 रन बनाए, जबकि 27 गेंद पर अर्धशतक लगाने वाले जगदीशन ने 49 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया.

कप्तान आयुष बडोनी ने फिनिश की पारी

इंजरी से वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने 24 गेंद पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाए, जबकि तिलक और जगदीशन ने 55 गेंद पर 113 रन की बेहतरीन साझेदारी की. 55 गेंद पर 104 रनों की पारी खेलने के बाद नारायण जगदीशन अली खान का शिकार बने. उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 4 छक्के लगाए. अंतिम ओवरों में आयुष बडोनी का तूफानी पारी देखने को मिली. उन्होंने सिर्फ 26 गेंद पर 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से धमाकेदार अंदाज में नाबाद 60 रन बनाए.

संजय कृष्णमूर्ति ने खेली ताबड़तोड़ पारी

अमेरिका के लिए पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे संजय कृष्णमूर्ति ने इंडिया ए के गेंदबाजों को प्रेशर में डाला. उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों पर 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 41 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, वहीं शुभम रंजने ने 17 गेंद पर 28 रन बनाए. अंत में हरमीत सिंह ने 9 गेंद पर 25 और मोहम्मद मोहसिन ने 21 गेंद पर 10 रन बनाए. 20वें ओवर में दो विकेट लेकर नमन धीर ने अमेरिका की पारी समेट दी. रवि बिश्नोई ने सबसे ज्यादा तीन जबकि खलील अहमद और नमन धीर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp