अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा है. अफगानिस्तान तीसरी बार सेमीफाइनल तक पहुंचा है, लेकिन कभी फाइनल में जगह नहीं बनाई. वहीं टीम इंडिया 5 बार खिताब जीत चुकी है. बेशक रिकार्ड्स में भारतीय अंडर-19 टीम मजबूत लग रही है, लेकिन पिछले मैच में 191 रनों की बड़ी जीत के बाद टीम के हौसले बुलंद हैं. अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है.
भारतीय प्लेइंग 11: आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिगयन कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अम्ब्रीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल.
अफगानिस्तान की प्लेइंग 11: ओस्मान सादात, खालिद अहमदजाई, फैसल खान, महबूब तस्कीन (कप्तान और विकेटकीपर), अजीजुल्लाह मिया खिल, उजैरउल्लाह नियाजई, अब्दुल अजीज खान, रूहुल्लाह अर्ब, नुरूस्तानी ओमरजाई, वहीदुल्लाह जादरान, अकिल खान.
भारत के इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें रहेंगी, क्योंकि अगर वह 10 से 15 ओवर भी टिक गए तो बड़ा स्कोर बना सकते हैं. वैभव की ताकत है कि वह पहली गेंद से बड़ा शॉट लगाने से हिचकिचाते नहीं, हालांकि कई बार यही उनकी कमजोरी भी बन जाती है. वैभव ने 5 मैचों में 196 रन बनाए हैं, उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 72 का है.
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए अभी तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज अभिज्ञान अभिषेक कुंडू हैं, जिन्होंने 4 पारियों में 199 रन बनाए हैं. कप्तान आयुष म्हात्रे न्यूजीलैंड के खिलाफ (53) छोड़कर अन्य किसी मैच में प्रभाव नहीं डाल सके, उन्होंने 5 मैचों में कुल 99 रन बनाए हैं.
गेंदबाजी में हेनिल पटेल और खिलन पटेल से आज अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी, हेनिल ने 5 मैचों में 11 विकेट लिए हैं. खिलन पटेल ने 5 मैचों में 8 विकेट लिए हैं. पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 3 विकेट चटकाए थे.
अफगानिस्तान के इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
अफगानिस्तान के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे फैसल खान शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने पिछले मैच में आयरलैंड के खिलाफ 163 रनों की पारी खेली थी. बेशक भारतीय टीम में आयुष म्हात्रे, वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज हैं लेकिन इस संस्करण के टॉप रन स्कोरर में उनसे आगे फैसल हैं, जिन्होंने 5 पारियों में 325 रन बनाए हैं. वह दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
नूरिस्तानी ओमरजाइ पर भी नजरें रहेंगी, जो अभी तक अच्छी गेंदबाजी करते हुए आए हैं. उन्होंने 5 मैचों में 12 विकेट लिए हैं. देखना होगा कि क्या भारत जैसी मजबूत टीम के सामने वह उस लय को बरकरार रख पाते हैं या नहीं.