टी20 वर्ल्ड कप के दसवें संस्करण (T20 World Cup 2026) में भारतीय टीम ने शानदार जीत के साथ शुरुआत की. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी से भारत खराब शुरुआत के बावजूद 161 के स्कोर तक पहुंच गया. लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए 20 ओवरों में 132 रन ही बना सकी. 29 रनों की ये जीत ऐतिहासिक रही, क्योंकि भारत अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाला देश बन गया है. पहले दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया संयुक्त रूप से टॉप पर थे.
टी20 वर्ल्ड कप के जारी संस्करण के पहले मैच में भारत को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी. भारत के 6 विकेट 77 रनों पर गिर गए थे, तब सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में 4 छक्के और 10 चौकों की मदद से 84 रन बनाए, वह नाबाद रहे. जवाब में यूएसए 132 रन ही बना सकी.
टीम इंडिया ने रचा इतिहास
भारत अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाला देश बन गया है. ये टीम इंडिया की लगातार नौवीं जीत थी. भारत 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से हारकर बाहर हो गया था. इसके बाद 2024 में टीम इंडिया ने सारे मैच जीते, फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टीम दूसरी बार चैंपियन भी बनी.
पहले लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के नाम था, दोनों ने 8-8 बार लगातार मैच जीते थे. अब भारत 9 के साथ टॉप पर आ गया है, इस रिकॉर्ड को तोड़ना किसी भी टीम के लिए बहुत मुश्किल है.
भारत का अगला मैच कब और किसके साथ है?
भारतीय क्रिकेट टीम अब मुंबई से दिल्ली जाएगी. भारत का अगला मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के साथ है. ये मुकाबला गुरुवार, 12 फरवरी को शाम 7 बजे से खेला जाएगा. इसके बाद टीम का अगला मैच पाकिस्तान के साथ कोलंबो में है, जिसके लिए सूर्यकुमार पुष्टि कर चुके हैं कि टीम जाएगी. दरअसल पाकिस्तान इस मैच के बहिष्कार की बात कर रहा है, लेकिन सूर्या ने कहा कि आईसीसी शेड्यूल है इसलिए उनकी टीम तो जाएगी.