Vaibhav Sooryavanshi Not Appear For The 10th Class Examination: टीम इंडिया को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने में अहम योगदान देने वाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. हाल ही में खबर सामने आई थी कि वैभव सूर्यवंशी 10वीं की परीक्षा देने वाले हैं, लेकिन अब ताजा मिली जानकारी के अनुसार वैभव सूर्यवंशी परीक्षा नहीं देंगे. इसकी जानकारी खुद वैभव के पिता ने दी है.
वैभव सूर्यवंशी नहीं देंगे 10वीं की परीक्षा
ताजपुर में स्थित मॉडेस्टी स्कूल के प्रिंसिपल आदर्श कुमार उर्फ पिंटू ने बताया कि वैभव के पिता से बातचीत के बाद ये निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की व्यस्तताओं के कारण वैभव परीक्षा नहीं दे पाएंगे, जबकि उनकी तैयारियों और परीक्षा केंद्र से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी थीं.
एडमिट कार्ड भी हो चुका था जारी
जानकारी के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी का परीक्षा केंद्र पोड्डार इंटरनेशनल स्कूल, समस्तीपुर में निर्धारित किया गया था. स्कूल के प्रिंसिपल नील किशोर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया था कि वैभव का एडमिट कार्ड मिल चुका है और सभी जरूरी दस्तावेज स्कूल प्रशासन के पास सुरक्षित रखे गए थे. उन्होंने ये भी स्पष्ट किया था कि वैभव एक सामान्य छात्र की तरह ही परीक्षा देने आते और उनके लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं की जाती.
17 फरवरी से शुरू होना था परीक्षा
जानकारी के अनुसार 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं और उसी स्कूल में दोनों कक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है. हालांकि, अब स्पष्ट हो गया है कि वैभव परीक्षा में शामिल नहीं होंगे, लेकिन वैभव की लोकप्रियता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं थीं. इसलिए स्कूल प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन को पहले ही सूचित कर दिया था और बाहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी दी गई थी. इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने साफ किया था कि किसी एक छात्र के लिए अलग से विशेष सुरक्षा नहीं दी जाएगी और परीक्षा केंद्र पर वही नियम लागू होंगे, जो सभी छात्रों के लिए होते हैं.