शिमरन हेटमायर और रॉवमैन पॉवेल की तूफानी पारी की बदलौत वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टोटल बना दिया है. सुपर-8 के अपने पहले मैच में मुंबई के वानखेड़े में वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 244 रनों का स्कोर खड़ा किया. वेस्टइंडीज के लिए हेटमायर और पॉवेल के अलावा अंत में शरफाने रदरफोर्ड ने भी धुआंधार बैटिंग की. रदरफोर्ड ने सिर्फ 13 गेंद में नाबाद 31 रनों की पारी खेली. 

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम है. श्रीलंका ने 2007 में 20 ओवर में 260 रन बनाए थे. अब इस रिकॉर्ड लिस्ट में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज की टीम आ गई है. हालांकि, वेस्टइंडीज के पास आज श्रीलंका का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका था, लेकिन वो ऐसा नहीं कर सके. आयरलैंड 235 रनों के साथ इस रिकॉर्ड लिस्ट में अब तीसरे नंबर पर चला गया है. 

ऐसी रही वेस्टइंडीज की रिकॉर्ड पारी 

वेस्टइंडीज के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. ओपनर ब्रेंडन किंग 12 गेंद में सिर्फ 09 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद शाई होप भी सिर्फ 14 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को खूब मारा. हेटमायर ने सिर्फ 22 गेंद में अर्धशतक जड़ा. वह टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. 

शिमरन हेटमायर ने सिर्फ 34 गेंद में 85 रनों की पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 7 छक्के निकले. रॉवमैन पॉवेल ने 35 गेंद में 59 रन बना डाले. उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के जड़े. रोमारियो शेफर्ड ने 10 गेंद में 3 छक्कों के साथ 21 रन बनाए. जेसन होल्डर चार गेंद में दो छक्कों के साथ 13 रन बनाकर आउट हुए. वहीं शरफाने रदरफोर्ड ने 13 गेंद में 31 रनों की नाबाद पारी खेली. उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के जड़े.

वेस्टइंडीज ने अपनी पारी में कुल 19 छक्के लगा दिए. वहीं 16 चौके भी मारे. जिम्बाब्वे ऐसी पिटाई कभी नहीं भूल पाएगा. उनके खिलाड़ी काफी निराश नजर आ रहे थे. जिम्बाब्वे के लिए कप्तान सिकंदर रजा सबसे महंगे रहे. उन्होंने सिर्फ 3 ओवर में 52 रन लुटा दिए. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp