MS Dhoni Receives Notice From Jharkhand State Housing Board: झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को एक नोटिस भेजा है. ये नोटिस उन्हें रांची के हरमू इलाके में स्थित उनके आवास के लिए आवंटित जमीन के कथित कमर्शियल इस्तेमाल को लेकर भेजा गया है. बोर्ड का कहना है कि ये प्लॉट केवल रहने के उद्देश्य से एमएस धोनी को आवंटित किया गया था, लेकिन यहां नियमों के खिलाफ बिजनेस एक्टिविटी चल रही है.

एमएस धोनी को 15 दिन के अंदर देना होगा जवाब

झारखंड राज्य आवास बोर्ड के द्वारा जारी में साफ उल्लेख है कि एमएस धोनी को 15 दिनों के अंदर अपना पक्ष रखना होगा. अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो बोर्ड प्लॉट एच-(10)ए के आवंटन को रद्द करने की सिफारिश कर सकता है. ये प्लॉट साल 2009 में झारखंड सरकार की सिफारिश पर धोनी को झारखंड राज्य आवास बोर्ड द्वारा आवासीय उपयोग के लिए दिया गया था. बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान ने इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि कई बाकी लोगों को भी इसी तरह के उल्लंघन के लिए नोटिस जारी किए गए हैं.

धोनी के आवास पर कैसे हो रहा है कमर्शियल इस्तेमाल?

एमएस धोनी के हरमू स्थित आवास पर एक डायग्नोस्टिक सेंटर (नीबर्ग पल्स डायग्नोस्टिक्स) का संचालन विवाद का बड़ा कारण बताया जा रहा है. ये आवास क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास है, क्योंकि धोनी का पुराना घर यही था. इस घर की दीवार पर उनका नाम ‘धोनी’, जर्सी नंबर 7, उनके हेलीकॉप्टर शॉट और विकेटकीपिंग एक्शन को दर्शाया गया है. हालांकि, धोनी अब अपने परिवार के साथ रांची के सिमलिया रिंग रोड पर स्थित अपने विशाल फार्महाउस में रहते हैं, जिसका नाम कैलाशपत्ति है. हरमू स्थित आवास अब उनके पुराने निवास के रूप में जानी जाती है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है नोटिस की कॉपी

इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा है, जहां नोटिस की कॉपी तेजी से वायरल हो रही है. इसको लेकर एमएस धोनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि, वे जल्द-ही आईपीएल 2026 में खेलते हुए नजर आएंगे. जहां वे कई सालों से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा हैं. 44 साल के हो चुके धोनी का ये आखिरी आईपीएल सीजन भी हो सकता है. भले ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से साल 2020 में संन्यास ले लिया था, लेकिन वे अभी-भी आईपीएल का हिस्सा बने हुए हैं.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp