आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है. इस अहम मैच में टीम इंडिया की जीत के सबसे बड़े हीरो बने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैंमसन, जिन्होंने दबाव भरे मुकाबले में नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई.
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले को ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल’ माना जा रहा था, क्योंकि जीतने वाली टीम को सीधे सेमीफाइनल का टिकट मिलना था. भारत के सामने 196 रन का बड़ा लक्ष्य था, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती ओवरों में दो विकेट जल्दी गिर गए. ऐसे में संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभाली और मैच को अंत तक लेकर गए.
राजनीति से लेकर क्रिकेट जगत तक मिली तारीफ
संजू की इस मैच जिताऊ पारी के बाद कांग्रेस सांसद शशी थरुर ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “आज वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टरफाइनल मुकाबले में संजू सैंमसन की शानदार पारी के बाद मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है. पहले जब उन्हें टीम जगह नहीं मिली थी, तब मुझे भी उनके लिए दुख हुआ था. हालांकि आज उन्होंने दुनिया को दिखा दिया कि वह शुरुआत से ही इस जगह के हकदार थे. संजू पर हमें नाज है.”
वहीं क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी संजू की तारीफ करते हुए कहा कि मुश्किल हालात में उनका शांत रहना टीम के लिए बेहद अहम साबित हुआ. उन्होंने कहा कि ऐसी पारियां ही टीम को आगे बढ़ने की ताकत देती हैं.
पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी संजू की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें इस वर्ल्ड कप में ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन जब टीम को जरूरत थी, तब उन्होंने अपनी जिंदगी की सबसे अहम पारी खेली.
अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ंत
संजू सैमसन की इस पारी की बदौलत भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज भी पूरा किया. इस जीत के साथ अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा. टीम इंडिया के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ इस शानदार वापसी ने एक बार फिर दिखा दिया कि दबाव के समय भारतीय टीम कैसे मैच को अपने पक्ष में कर सकती है. संजू सैमसन की यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी.