ICC World Cup League 2: मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है. ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष और क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल को बड़ा फैसला लेना पड़ा है. आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्डकप लीग 2 के छह मुकाबलों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.
ये सभी मुकाबले 10 मार्च से नेपाल में आयोजित होने थे, लेकिन यात्रा और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण इन्हें अगली सूचना तक टाल दिया गया है. अब इन मैचों के लिए नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा.
नेपाल में होने थे मुकाबले
शेड्यूल के अनुसार ये सभी मैच त्रिभुवन विश्वविद्यालय इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाने थे. यहां 10 मार्च से 20 मार्च के बीच कुल छह वनडे मुकाबले आयोजित होने थे. इस सीरीज में नेपाल, ओमान और यूएई के बीच मुकाबले खेले जाने थे. इन तीनों टीमों को नेपाल पहुंचकर इस त्रिकोणीय सीरीज में हिस्सा लेना था. हालांकि मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण हवाई यात्रा को रोक दिया गया है. कई रूट बंद होने और सुरक्षा चिंताओं की वजह से टीमों का नेपाल पहुंचना मुश्किल हो गया. इसी कारण इन मुकाबलों को रोकने का निर्णय लिया गया है.
नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन ने दी जानकारी
इस फैसले की जानकारी नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन ने 4 मार्च को सोशल मीडिया के जरिए दी. बोर्ड ने बताया कि मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति को देखते हुए काठमांडू में होने वाले लीग-2 मुकाबलों को अगली सूचना तक स्थगित किया जा रहा है. बयान में यह भी कहा गया कि ओमान, यूएई और नेपाल के बीच होने वाले सभी मुकाबले प्रभावित हुए हैं. आईसीसी और संबंधित बोर्ड आपस में चर्चा के बाद जल्द ही नई तारीखों का ऐलान करेंगे.
2027 वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन से जुड़ा टूर्नामेंट
आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्डकप 2027 के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्डकप लीग 2 की अहम भूमिका है. यह टूर्नामेंट तीन साल तक चलता है और इसमें कुल आठ टीमें हिस्सा लेती हैं. लीग के अंत में शीर्ष चार टीमें क्वालिफायर राउंड में पहुंचती हैं, जहां से वर्ल्ड कप में खेलने के लिए अंतिम स्थान तय होते हैं. वहीं बाकी टीमों को आगे के रास्ते के लिए अतिरिक्त मुकाबले खेलने पड़ते हैं. इसी वजह से हर मैच टीमों के लिए काफी अहम माना जाता है.
अगला राउंड नामीबिया में
हालांकि नेपाल में होने वाले मैच फिलहाल टाल दिए गए हैं, लेकिन लीग के अगले निर्धारित मुकाबले अप्रैल में खेले जाएंगे. अगला राउंड स्कॉटलैंड, ओमान और नामीबिया के बीच विंडहोक में 2 अप्रैल से शुरू होने वाला है. फिलहाल अंक तालिका में अमेरिका की टीम सबसे आगे चल रही है और क्वालिफिकेशन की दौड़ में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है. फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि मिडिल ईस्ट की स्थिति कब सामान्य होती है और स्थगित किए गए मुकाबलों के लिए नई तारीखें कब घोषित की जाती हैं.