T20 World Cup 2026 Final Ticket: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है. सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में हराने के बाद भारत ने लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है. अब खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से होगा. यह मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. ऐसे में फाइनल के टिकट, बुकिंग और स्टेडियम एंट्री को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.
टिकट कैसे बुक करें
फाइनल मुकाबले के टिकट आधिकारिक तौर पर BookMyShow और ICC के पोर्टल के जरिए बेचे जा रहे हैं. टिकटों की भारी मांग के चलते ज्यादातर कैटेगरी फिलहाल “सोल्ड आउट” हो चुकी है. हालांकि क्रिकेट फैंस के लिए उम्मीद अभी भी बाकी है.
आमतौर पर बड़े मुकाबलों से 24 से 48 घंटे पहले कुछ टिकट दोबारा जारी किए जाते हैं. मुंबई में हुए सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान भी ऐसा ही देखने को मिला था. इसलिए जिन फैंस को टिकट नहीं मिल पाए हैं, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है.
क्या है टिकट की कीमत?
टिकट की कीमत की बात करें तो स्टेडियम के ऊपरी स्टैंड के लिए शुरुआती कीमत करीब 3000 रुपये से शुरू होती है. वहीं प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी और क्लब लाउंज सीटों की कीमत लगभग 50 हजार से 75 हजार रुपये के बीच है.
स्टेडियम एंट्री के सख्त नियम
फाइनल मुकाबले के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. स्टेडियम के गेट शाम 4 बजे से खुल जाएंगे, जबकि मैच शाम 7 बजे शुरू होगा. ऐसे में दर्शकों को कम से कम 3 घंटे पहले स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि सुरक्षा जांच में ज्यादा समय न लगे. स्टेडियम में कई चीजों को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. पावर बैंक, बैग, पानी की बोतल और छाते जैसे सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. फैंस को सिर्फ अपना मोबाइल फोन और वॉलेट ही अंदर ले जाने की इजाजत होगी.
मैच देखने वालों के लिए जरूरी जानकारी
अहमदाबाद के मोटेरा इलाके में स्थित यह स्टेडियम दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में से एक है और यहां करीब 1.3 लाख दर्शकों के बैठने की क्षमता है. बड़ी भीड़ के कारण मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हो सकता है, इसलिए डिजिटल टिकट पहले से डाउनलोड करके ऑफलाइन सेव रखना जरूरी होगा.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि क्रिकेट फैंस के लिए बड़ा उत्सव बनने वाला है. ऐसे में जो भी फैंस स्टेडियम में जाकर मैच देखना चाहते हैं, उन्हें टिकट और एंट्री से जुड़ी सभी तैयारियां पहले से कर लेनी चाहिए.
यह भी पढ़ें