क्रिकेट की दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीग IPL में बल्लेबाजों की तूफानी पारियां अक्सर सुर्खियां बटोरती हैं, लेकिन कई ऐसे गेंदबाज भी रहे हैं जिन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से मैच का रुख पलट दिया है. आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम दर्ज है.
युजवेंद्र चहल
युजवेंद्र चहल ने साल 2013 से 2025 के बीच खेले गए मैचों में कुल 221 विकेट लिए हैं. उन्होंने 174 मैचों में गेंदबाजी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है. उनकी औसत 22.76 और इकॉनमी रेट करीब 7.96 रही है. चहल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 विकेट लेकर 40 रन देना रहा है. आईपीएल में वह मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं.
भुवनेश्वर कुमार
इस सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का नाम आता है. भुवनेश्वर कुमार ने 2011 से 2025 के बीच खेले गए 190 मैचों में कुल 198 विकेट लिए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5 विकेट पर 19 रन रहा है. अपनी स्विंग गेंदबाजी के दम पर उन्होंने कई बार टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है.
सुनील नारायण
तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के रहस्यमयी स्पिनर सुनील नारायण मौजूद हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के इस स्टार गेंदबाज ने आईपीएल में 192 विकेट लिए हैं. नारायण की इकॉनमी रेट करीब 6.79 रही है, जो इस सूची में सबसे बेहतर मानी जाती है.
पीयूष चावला
चौथे नंबर पर अनुभवी भारतीय लेग स्पिनर पीयूष चावला का नाम है. उन्होंने आईपीएल में 192 विकेट झटके हैं. चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी टीमों के लिए खेलते हुए चावला ने लंबे समय तक शानदार प्रदर्शन किया है.
रविचंद्रन अश्विन
पांचवें स्थान पर भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन हैं. अश्विन ने 221 मैचों में 187 विकेट अपने नाम किए हैं. अपनी सटीक लाइन-लेंथ और विविधता के लिए पहचाने जाने वाले अश्विन आईपीएल के सबसे अनुभवी गेंदबाजों में गिने जाते हैं.
अब क्रिकेट फैंस की नजर आगामी आईपीएल सीजन पर है. आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या कोई गेंदबाज इस सीजन में चहल के रिकॉर्ड के करीब पहुंच पाता है या नहीं.
ये भी पढ़ें:
Watch: मंदिर में ट्रॉफी ले जाने के विवादित के बीच गुरुद्वारे पहुंचे गौतम गंभीर, कर दी सबकी बोलती बंद
IPL 2026 से पहले ‘फिक्सिंग’ से क्रिकेट जगत में हलचल, ICC ने KKR के पूर्व खिलाड़ी को किया सस्पेंड