रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता एम. अंबानी को बीते सोमवार (16 मार्च) कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (KISS) परिसर में प्रतिष्ठित KISS ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया.

श्रीलंका के नोबेल पुरस्कार विजेता मोहन मुनासिंघे ने KIIT, KISS और KIMS के संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत की उपस्थिति में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया. उन्हें यह पुरस्कार शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण और खेल प्रोत्साहन के क्षेत्र में सामाजिक विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए दिया गया. KISS दुनिया का सबसे बड़ा आदिवासी विश्वविद्यालय है, जहां लगभग 80,000 आदिवासी बच्चों को किंडरगार्टन से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक निःशुल्क शिक्षा, आवास और समग्र विकास की सुविधा प्रदान की जाती है.

‘बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं’

पुरस्कार को स्वीकार करते हुए नीता अंबानी ने अपने संबोधन में कहा,  ”जो कुछ हमारे बेटे कर सकते हैं, वही हमारी बेटियां भी कर सकती हैं, बेटों और बेटियों में कोई अंतर नहीं है.” उन्होंने आगे कहा, ”हमेशा याद रखें कि आज आप जहां हैं, वह आपकी शुरुआत है, मंजिल नहीं. आप कितनी दूर तक जाएंगे, यह आपके सपनों, आपकी मेहनत और आगे बढ़ते रहने के साहस से तय होगा.”

उन्होंने आदिवासी बच्चों पर विश्वास जताते हुए कहा, ”मुझे पूरा विश्वास है कि भारत का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है.” इसी के साथ उन्होंने अपना यह पुरस्कार रिलायंस फाउंडेशन की अपनी पूरी टीम को समर्पित कर दिया. समारोह के दौरान उन्होंने KIIT और KISS जैसे संस्थानों को ‘शिक्षा का आधुनिक मंदिर’ भी कहा.

अब तक किन्हें-किन्हें मिल चुका है यह सम्मान?

डॉ. सामंत द्वारा 2008 में शुरू किया गया KISS ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड दुनिया भर में मानवीय सेवा की भावना को दर्शाने वाले व्यक्तियों और संगठनों को सम्मानित करता है. इस पुरस्कार में प्रशस्ति-पत्र और गोल्ड प्लेटिड ट्रॉफी शामिल होती है. बीते कई सालों यह पुरस्कार विश्व के प्रतिष्ठित नेताओं, नोबेल पुरस्कार विजेताओं और विभिन्न महाद्वीपों की विशिष्ट हस्तियों को प्रदान किया गया है। पूर्व में यह सम्मान रतन टाटा, पूज्य दलाई लामा और अनिरुद्ध जगन्नाथ सहित कई अन्य हस्तियों को दिया जा चुका है.

क्या है Reliance Foundation?

रिलायंस फाउंडेशन, रिलायंस इंडस्ट्रीज की एक परोपकारी संस्था है, जो समाज सेवा के कार्यों से जुड़ा है. यानी कि यह रिलायंस कंपनी का एक ऐसा हिस्सा है, जो मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि समाज सेवा के लिए काम करता है. इसकी शुरुआत साल 2010 में नीता अंबानी ने की थी. इसके प्रमुख कार्यों में ग्रामीण परिवर्तन, शिक्षा में सुधार, स्वास्थ्य सेवा, खेल को बढ़ावा देना, आपदा प्रबंधन शामिल हैं. 

ये भी पढ़ें:

पैसे नहीं हैं? फिर भी शुरू करें ये काम, YouTube और Affiliate Marketing से होगी कमाई… 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp