MI vs RR Scorecard: राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 150 रन बना दिए हैं. गुवाहाटी में खेले जा रहे बारिश से प्रभावित मैच में यशस्वी जायसवाल ने कोहराम मचाते हुए 77 रनों की विस्फोटक पारी खेली. बारिश की वजह से ओवरों की संख्या घटाकर 11 कर दी गई. जायसवाल के अलावा वैभव सूर्यवंशी ने भी तबाही मचाते हुए 39 रनों की पारी खेली.

इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. MI के खेमे को कहीं ना कहीं उम्मीद थी कि नई गेंद स्विंग होगी, इसलिए दीपक चाहर को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली थी. उम्मीद अनुसार दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट ने नई गेंद से बॉलिंग की, लेकिन जायसवाल और सूर्यवंशी ने पीट-पीटकर गेंदबाजों का भूत बना दिया और पावरप्ले में भी 59 रन ठोक दिए.

इसी बीच वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह पहली बार आमने-सामने आए. वैभव ने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया. सूर्यवंशी ने 14 गेंद में 39 रन बनाए. उन्होंने 278.57 के स्ट्राइक रेट वाली इस पारी में एक चौका और 5 छक्के लगाए. 

जायसवाल की आंधी

मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी को जायसवाल ने तहस-नहस कर दिया. सूर्यवंशी 5वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन यशस्वी जायसवाल का बल्ला किसी के रोके नहीं रुक रहा था. वो 32 गेंद में 77 रन बनाकर नाबाद लौटे. कप्तान रियान पराग ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए, लेकिन 10 गेंद में 20 रन बनाकर उन्होंने भी समा बांधा.

स्टार तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने एक ही ओवर में 22 रन लुटा दिए. दीपक चाहर ने भी 22 रन दिए, वहीं जसप्रीत बुमराह ने भी 10 से ज्यादा इकोनॉमी रेट से रन लुटाए. गजनफार MI के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट लिए. हालांकि वो भी बहुत महंगे साबित हुए. शार्दुल ठाकुर ने भी एक विकेट लेने में सफलता पाई.

यह भी पढ़ें:

Watch: बुमराह की पहली गेंद पर छक्का, वैभव सूर्यवंशी का धमाकेदार वीडियो वायरल, देखें



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp