सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 12 रनों से हरा दिया है. हैदराबाद में खेले गए इस मैच में SRH की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 194 रन बनाए थे. एक समय चेन्नई की टीम आसान जीत की ओर बढ़ रही थी, क्योंकि उसे आखिरी 10 ओवरों में 84 रनों की जरूरत थी. मिडिल ओवरों में आकर ईशान मलिंगा ने आकर चेन्नई को डबल झटका दिया. शिवम दुबे चेन्नई की आखिरी उम्मीद बने हुए थे, लेकिन साकिब हुसैन और नीतीश कुमार रेड्डी की घातक गेंदबाजी के आगे CSK की पूरी टीम फुस्स हो गई.
जीती हुई बाजी हारी चेन्नई
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने एक समय 10 ओवरों में 111 रन बना लिए थे और 7 विकेट उसके हाथ में बचे थे. CSK को 60 गेंदों में 84 रनों की जरूरत थी. 7 विकेट हाथ में रहते चेन्नई के लिए जीत बहुत आसान लग रही थी. तभी ईशान मलिंगा ने 11वें ओवर की चौथी गेंद पर सरफराज खान को आउट कर दिया. बस यहीं से मैच ने पलटी मारी.
सरफराज के 6 गेंद बाद ही डेवाल्ड ब्रेविस भी चलते बने. कहीं ना कहीं ईशान मलिंगा ने उन 2 विकेटों ने हैदराबाद की वापसी करवाई, जब उन्होंने सरफराज खान और मैथ्यू शॉर्ट को आउट किया. दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट कर मलिंगा CSK के बैटिंग लाइन-अप पर हावी होने लगे थे.
कहां चेन्नई का स्कोर 3 विकेट पर 111 रन था, लेकिन देखते ही देखते CSK 154 रन तक आते-आते 7 विकेट खो चुकी थी. शिवम दुबे तो साकिब हुसैन की गेंद पर पूरी तरह चकमा खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए.
अंतिम लम्हों में पलटी बाजी
शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट समेत चेन्नई के बड़े-बड़े सूरमा आउट हो चुके थे. जेमी ओवरटन ने दारोमदार संभाला. हालात ऐसे थे कि CSK को अंतिम 12 गेंद में 30 रन बनाने थे. 19वें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 रन दिए. अब चेन्नई को 6 गेंदों में 18 रन बनाने थे. पहली 2 गेंद पर 3 रन आए, लेकिन उससे अगली गेंद प्रफुल हिंगे नो-बॉल कर बैठे. अच्छी बात यह रही की फ्री-हिट पर सिक्स नहीं आया. प्रफुल पूरे मैच में बहुत महंगे साबित हुए थे, लेकिन अंतिम ओवर में उन्होंने यॉर्कर पे यॉर्कर की और चौथी गेंद पर जेमी ओवरटन को आउट कर हैदराबाद की जीत पक्की की.