White Water Discharge: महिलाओं के शरीर में समय-समय पर कई तरह के हार्मोनल बदलाव होते रहते हैं. उम्र बढ़ने, पीरियड्स, प्रेग्नेंसी या तनाव जैसी स्थितियों का असर सीधे उनकी सेहत पर पड़ता है. इन बदलावों के कारण शरीर में कई तरह के परिवर्तन देखने को मिलते हैं, जिनमें व्हाइट वॉटर डिस्चार्ज यानी सफेद पानी आना भी शामिल है. आमतौर पर यह एक सामान्य प्रक्रिया मानी जाती है, लेकिन अगर यह बार-बार होने लगे या इसके साथ बदबू, खुजली और जलन जैसी समस्याएं भी दिखाई दें, तो यह किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है. ऐसे में इसे नजरअंदाज करने के बजाय इसके कारणों और लक्षणों को समझना बेहद जरूरी है.
इन लक्षणों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज
सामान्य सफेद पानी आमतौर पर बिना बदबू का और हल्के सफेद रंग का होता है. लेकिन अगर डिस्चार्ज का रंग पीला, हरा या भूरा होने लगे, उसमें तेज बदबू आने लगे या प्राइवेट पार्ट में खुजली और जलन महसूस हो, तो यह संक्रमण का संकेत हो सकता है. वहीं कुछ मामलों में पेशाब करते समय दर्द या जलन भी महसूस हो सकती है. डॉक्टरों के अनुसार ऐसे लक्षण बैक्टीरियल वेजिनोसिस, यीस्ट इंफेक्शन या पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज (PID) जैसी समस्याओं से जुड़े हो सकते हैं. अगर समस्या लगातार बनी रहे तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए.
बार-बार डिस्चार्ज होने के पीछे क्या हैं कारण?
बार-बार व्हाइट डिस्चार्ज होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. हार्मोन में बदलाव, तनाव, थकान, खराब साफ-सफाई और संक्रमण इसके मुख्य कारण माने जाते हैं. वहीं पीरियड्स, प्रेग्नेंसी या हार्मोनल बदलाव के दौरान भी इसकी मात्रा बढ़ सकती है. वहीं गंदे या बहुत टाइट कपड़े पहनना, लंबे समय तक नमी बने रहना और प्राइवेट हाइजीन का ध्यान न रखना संक्रमण का खतरा बढ़ा सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सफेद पानी के साथ दर्द, खुजली या दुर्गंध हो तो यह केवल सामान्य बदलाव नहीं बल्कि किसी बीमारी का संकेत भी हो सकता है.
बचाव और इलाज के लिए अपनाएं ये आसान उपाय
इस समस्या से बचने के लिए रोजाना साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. हमेशा सूती अंडरवियर पहनें और उन्हें नियमित रूप से बदलें. ज्यादा केमिकल वाले साबुन और खुशबूदार प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कम करें. खाने में दही, छाछ और विटामिन-सी से भरपूर फलों को शामिल करें क्योंकि ये शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करते हैं. इसके अलावा पर्याप्त पानी पिएं और तनाव कम करने की कोशिश करें. अगर घरेलू उपाय अपनाने के बाद भी 5 से 7 दिनों तक समस्या में सुधार न हो या लक्षण बढ़ते जाएं, तो तुरंत गायनाकोलॉजिस्ट से सलाह लेना चाहिए. सही समय पर इलाज करवाने से बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है.
यह भी पढ़ेंः Food Choking: कुरकुरे के टुकड़े ने ली युवक की जान! Food Choking कितना खतरनाक, कैसे बचाई जा सकती है जान?
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator