जीत के सिक्सर से चूकी RCB, दिल्ली कैपिटल्स ने रोका विजयरथ; प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार

जीत के सिक्सर से चूकी RCB, दिल्ली कैपिटल्स ने रोका विजयरथ; प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार


WPL 2026 Highlights: दिल्ली कैपिटल्स WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराने वाली पहली टीम बन गई है. दिल्ली ने RCB को 7 विकेट से हरा दिया है. लॉरा वुल्वार्ट की सधी हुई पारी की बदौलत DC सीजन की तीसरी जीत दर्ज कर पाई. वडोदरा में खेले गए इस मैच में आरसीबी पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 109 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. जवाब में दिल्ली ने 26 गेंद शेष रहते इस लक्ष्य को हासिल कर लिया.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बैटिंग इस मुकाबले में पूरी तरह फ्लॉप रही. कप्तान स्मृति मंधाना ने 38 रन बनाए, उनके अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया. दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने कहर बरपाया. स्नेह राणा के अलावा DC के सभी बॉलर्स ने कोई ना कोई विकेट जरूर लिया.

दिल्ली ने रोका RCB का विजयरथ

RCB ही अकेली ऐसी टीम है, जिसने WPL 2026 के प्लेऑफ में स्थान सुनिश्चित कर लिया है. वो लगातार 5 मैच जीत चुकी थी, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स ने उसे चारों खाने चित्त कर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को बरकरार रखा है. दिल्ली टीम के लिए लॉरा वुल्वार्ट ने नाबाद 42 रनों की पारी खेल अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की. उनके अलावा कप्तान जेमिमा रोड्रीग्स ने 24 रन और मैरिजेन काप 19 रन बनाकर नाबाद लौटीं.

बताते चलें कि तीन टीम WPL 2026 के प्लेऑफ में जाएंगी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही अपनी जगह पक्की कर चुकी है. वहीं RCB पर 7 विकेट की जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में दिल्ली कैपिटल्स सीधे चौथे से दूसरे स्थान पर आ गई है. प्लेऑफ के बाकी दो स्थानों के लिए अभी दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स के बीच टक्कर है. सभी टीमों के अभी दो-दो मैच बचे हुए हैं.

यह भी पढ़ें:

बारिश के बाद आया वैभव सूर्यवंशी का तूफान, आयुष म्हात्रे भी छाए; U19 वर्ल्ड कप में भारत ने न्यूजीलैंड को रौंदा

IND vs NZ 3rd T20 Weather Report: बारिश की भेंट चढ़ेगा भारत और न्यूजीलैंड का तीसरा टी20? जानें मौसम को लेकर क्या है ताजा अपडेट



Source link

खिलाड़ी से मालिक बनेंगे विराट कोहली! वाइफ अनुष्का शर्मा खरीद रहीं IPL टीम

खिलाड़ी से मालिक बनेंगे विराट कोहली! वाइफ अनुष्का शर्मा खरीद रहीं IPL टीम


RCB New Owner 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम मार्केट में बिक्री के लिए उपलब्ध है. कई जानी-मानी हस्तियां RCB टीम को खरीदने में दिलचस्पी दिखा चुकी हैं. अदार पूनावाला IPL 2025 की चैंपियन टीम को खरीदने की इच्छा जता चुके हैं. अब खबर है कि भारत के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी आरसीबी फ्रैंचाइजी में हिस्सेदारी खरीदना चाहती हैं.

फाइनेंशियल एक्स्प्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फ्रैंचाइजी में बहुत बड़ी हिस्सेदारी खरीद कर नियंत्रण हासिल नहीं करना चाहती हैं. वो इसके बजाय टीम में एक छोटी हिस्सेदारी खरीदने की इच्छुक हैं. बताया जा रहा है कि वो RCB फ्रैंचाइजी में 3 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदना चाहती हैं.  टीम की मौजूदा वैल्यूएशन के मुताबिक इस 3 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए उन्हें करीब 400 करोड़ रुपये चुकाने पड़ सकते हैं.

बता दें कि आईपीएल 2025 की चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मालिकाना हक डियाजियो के पास है, जो मार्च 2026 तक पूरी तरह RCB टीम का मालिकाना हक छोड़ चुकी होगी. बताते चलें कि अभी अनुष्का शर्मा या विराट कोहली के पास टीम में कोई हिस्सेदारी नहीं है. अगर रिपोर्ट्स आगे चलकर सच का रूप लेती हैं, तो यह भी देखना दिलचस्प होगा कि BCCI, विराट कोहली के परिवार को बेंगलुरु फ्रैंचाइजी में हिस्सेदारी खरीदने की अनुमति देती है या नहीं.

BCCI का नियम आड़े आएगा?

विराट कोहली अभी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के लिए खेल रहे हैं और आरसीबी को बहुत बड़ा ब्रांड बनाने में उनका बड़ा हाथ रहा है. दरअसल विराट कोहली या उनका परिवार टीम के अंदर कोई हिस्सेदारी खरीदने की कोशिश करता है, तो BCCI का एक नियम उनके आड़े आ सकता है.

साल 2007 में BCCI ने खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग में टीमों की किसी भी तरह की हिस्सेदारी खरीदने से प्रतिबंधित कर दिया था. मगर रिपोर्ट्स अनुसार विराट नहीं बल्कि उनकी पत्नी, अनुष्का शर्मा टीम में हिस्सेदारी खरीद सकती हैं.

रणबीर कपूर भी रेस में शामिल

केवल अनुष्का शर्मा ही नहीं बल्कि बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर भी RCB फ्रैंचाइजी में 2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदना चाहते हैं. उन्हें इसके लिए 300-350 करोड़ रुपये की राशि अदा करनी पड़ सकती है. हालांकि इन सभी दावों की अभी तक इस तरह की कोई पुष्टि नहीं हो सकी है.

यह भी पढ़ें:

IND vs NZ 3rd T20 Weather Report: बारिश की भेंट चढ़ेगा भारत और न्यूजीलैंड का तीसरा टी20? जानें मौसम को लेकर क्या है ताजा अपडेट



Source link

बारिश के बाद आया वैभव सूर्यवंशी का तूफान, आयुष म्हात्रे भी छाए; U19 WC में भारत ने NZ को रौंदा

बारिश के बाद आया वैभव सूर्यवंशी का तूफान, आयुष म्हात्रे भी छाए; U19 WC में भारत ने NZ को रौंदा


अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया. बारिश से प्रभावित मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 36.2 ओवरों में 135 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 23 गेंदों में 40 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. आयुष म्हात्रे ने 27 गेंदों में 53 रन बनाए, इस पारी में कप्तान ने 6 छक्के और 2 चौके जड़े.

क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में हुए इस मुकाबले में टॉस जीतकर आयुष म्हात्रे ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. ह्यूगो पॉल बॉग के रूप में आरएस अम्ब्रीश ने पहला विकेट लिया. अम्ब्रीश ने कप्तान थॉमस कोनी जोन्स को आउट कर न्यूजीलैंड का दूसरा विकेट 9 रन के स्कोर पर गिरा दिया. अर्यनदीप मान के रूप में हेनिल पटेल ने अपना पहला और न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट चटकाया.

अम्ब्रीश ने मार्को विलियम को बोल्ड किया. न्यूजीलैंड टीम के 5 विकेट 22 रनों पर गिर गए थे. कैलम माइकल ने 37 और सेल्विन जिम ने 28 रन बनाकर न्यूजीलैंड को जैसे तैसे 100 के पार पहुंचा दिया, न्यूजीलैंड की टीम 135 रनों पर ऑलआउट हो गई.

वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे की तूफानी पारी

बारिश से प्रभावित मैच में भारत को जीतने के लिए 37 ओवरों में 130 रनों का लक्ष्य दिया गया, जिसे टीम ने 14वें ही ओवर में हासिल कर लिया. हालांकि आरोन जॉर्ज के रूप में भारत का पहला विकेट 11 के स्कोर पर गिर गया था, उसके बाद वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे के बीच 76 रनों की साझेदारी हुई.

वैभव सूर्यवंशी ने 23 गेंदों में 3 छक्के और 2 चौकों की मदद से 40 रन बनाए, हालांकि वह अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए. आयुष म्हात्रे ने 27 गेंदों में 53 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें कप्तान ने 6 छक्के और 2 चौके लगाए. भारत ने 13.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की.

1 फरवरी को होगी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत

सुपर-6 की 12 टीमें कन्फर्म हो चुकी हैं, जिन्हें 6-6 के 2 ग्रुप्स में रखा गया है. भारत और पाकिस्तान ग्रुप 2 में हैं. सुपर-6 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच 1 फरवरी को होगा. इस ग्रुप में अन्य चार टीमें इंग्लैंड, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे हैं. ग्रुप 1 में ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड हैं.

 



Source link

कप्तान अकेला क्या करता, बुरी तरह लड़खड़ाई RCB की टीम, दिल्ली ने किया काम तमाम

कप्तान अकेला क्या करता, बुरी तरह लड़खड़ाई RCB की टीम, दिल्ली ने किया काम तमाम


RCB vs DC Scorecard WPL 2026: वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 में लगातार पांच मैच जीत चुकी RCB का दम निकल गया है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में आरसीबी की टीम सिर्फ 109 रन बना पाई है. केवल कप्तान स्मृति मंधाना ही कुछ देर DC के गेंदबाजों का सामना कर पाईं, जिन्होंने 38 रनों का योगदान दिया. यह WPL 2026 में अभी तक बेंगलुरु टीम का सबसे छोटा स्कोर है.

इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. उसका ये फैसला एकदम सटीक साबित हुआ क्योंकि स्मृति मंधाना के अलावा RCB का कोई बल्लेबाज चल ही नहीं पाया. ग्रेस हैरिस, टीम की उभरती हुई स्टार गौतमी नायक और रिचा घोष भी फ्लॉप साबित हुईं.

एक समय RCB ने एक विकेट के नुकसान पर 62 रन बना लिए थे, लेकिन धीमे रन रेट के कारण बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ता जा रहा था. दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने शिकंजा कसा हुआ था. 62 के स्कोर पर बेंगलुरु टीम ने दूसरा विकेट खोया, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया था.

47 रन, 9 विकेट

62 के स्कोर पर दूसरा विकेट गिरा, जिसके बाद RCB टीम के बल्लेबाज टिक ही नहीं पाए. राधा यादव ने जरूर कुछ देर एक छोर संभाले रखा, जिन्होंने 17 गेंद में 18 रन बनाए. राधा यादव को छोड़ दिया जाए, तो RCB के आखिरी 8 में से 7 बल्लेबाज रनों के मामले में दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए.

दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा विकेट नंदिनी शर्मा ने लिए, जिन्होंने RCB के 3 बल्लेबाजों को आउट किया. उनके अलावा चिनेल हेनरी, मैरिजेन काप और मिन्नू मणि ने दो-दो विकेट लिए. श्री चरणी भी एक विकेट लेने में कामयाब रहीं, जिन्होंने 4 ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 14 रन दिए.

यह भी पढ़ें:

बारिश के बाद आया वैभव सूर्यवंशी का तूफान, आयुष म्हात्रे भी छाए; U19 वर्ल्ड कप में भारत ने न्यूजीलैंड को रौंदा



Source link

बारिश की भेंट चढ़ेगा भारत और न्यूजीलैंड का तीसरा टी20? जानें मौसम को लेकर क्या है ताजा अपडेट

बारिश की भेंट चढ़ेगा भारत और न्यूजीलैंड का तीसरा टी20? जानें मौसम को लेकर क्या है ताजा अपडेट


भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना रखी है, तीसरे मैच को जीतकर सूर्यकुमार एंड टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी. ये मैच गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम (बरसापारा) में खेला जाएगा. इस ग्राउंड पर भारत ने 1 ही टी20 मैच जीता है जबकि 2 में हार का सामना करना पड़ा है. मैच के दिन शहर में बारिश की संभावना जताई गई है.

देखना होगा कि अक्षर पटेल गुवाहाटी में खेलते हैं या नहीं, जिन्हें सीरीज के पहले ही मैच में चोट लग गई थी. उनकी जगह दूसरे मैच में कुलदीप यादव को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया था. जसप्रीत बुमराह को भी इसमें आराम दिया गया था, जिनकी जगह हर्षित राणा खेले थे. बुमराह को तीसरे टी20 में भी आराम दिया जा सकता है. न्यूजीलैंड ने पहली हार के बाद दूसरे मैच में 3 बदलाव किए थे, बावजूद मेहमान टीम रायपुर में बुरी तरह हारी. अब गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के लिए करो या मरो वाला मैच है, क्योंकि टीम इंडिया इसे जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना लेगी.

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम का टी20 रिकॉर्ड

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में अभी तक भारतीय क्रिकेट टीम ने 3 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें से 1 जीता है और 2 में हार मिली. नवंबर, 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को इस ग्राउंड पर 5 विकेट से हराया था. 2022 में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 16 रनों से मात दी थी. इस ग्राउंड पर खेले गए पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4 विकेट से हराया था.

रविवार को कैसा रहेगा गुवाहाटी में मौसम

भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा टी20 गुवहाटी में रविवार, 25 जनवरी को शाम 7 बजे से खेला जाएगा. मैच वाले दिन शहर में बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों के लिए चिंता करने की कोई बात नहीं है. दरअसल मौसम विभाग के अनुसार सुबह 6 से 9 बजे के बीच बारिश होने की संभावना है, वो भी 5 से 10 प्रतिशत. शाम के समय बारिश की संभावना न के बराबर है. रविवार को शाम 6 बजे के समय तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जो रात 9 बजे तक 17 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

बरसापारा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

एसीए स्टेडियम की पिच आमतौर पर पाटा होती है, यहां बल्लेबाजों को खूब मदद मिलती है. यहां लाल मिट्टी की पिच होती है. शाम के समय यहां ओस आती है, इसलिए टॉस जीतना दोनों टीमों के लिए महत्वूर्ण होगा. गेंदबाजों को यहां स्विंग मिल सकती है. टॉस जीतने वाले कप्तान पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे. यहां एक हाईस्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है.



Source link

‘ICC किसी और टीम को…’, पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करने पर आया PCB चीफ का बयान

‘ICC किसी और टीम को…’, पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करने पर आया PCB चीफ का बयान


जब से बांग्लादेश ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है, तब से ही पाकिस्तान के भी इस वैश्विक टूर्नामेंट में नहीं लेने की चर्चा हो रही है. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तान भी बांग्लादेश की राह पर चल सकता है. खैर, इस मामले पर अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी का बयान आया है. जानें उन्होंने क्या कुछ कहा है.

सरकार ने मना किया तो पाकिस्तान विश्व कप में नहीं खेलेगा- मोहसिन नकवी

पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने शनिवार को कहा कि आगामी टी20 विश्व कप में पाकिस्तान टीम की भागीदारी पर अंतिम फैसला देश की सरकार करेगी. यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है. मोहसिन नकवी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह मामला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के समक्ष रखा जाएगा, जो फिलहाल देश से बाहर हैं और उनकी वापसी के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा. बता दें कि बांग्लादेश की जगह अब 2026 टी20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया है.

मोहसिन नकवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, हम टी20 विश्व कप खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला सरकार करेगी. हमारे प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इस समय देश से बाहर हैं. उनके लौटने पर हम उनसे सलाह लेंगे. सरकार का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा. अगर सरकार ने ‘मना कर दिया’ तो आईसीसी किसी अन्य टीम को आमंत्रित कर सकती है.”

श्रीलंका में अपने मैच खेलेगी पाकिस्तान की टीम

बता दें कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीम भारत नहीं आएगी. पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में आयोजित होंगे. अगर पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में जाती है तो उसका सेमीफाइनल भी श्रीलंका में होगा. वहीं अगर पाक टीम फाइनल में प्रवेश करती है तो फिर 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताबी मैच भी श्रीलंका में खेला जाएगा. 

बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है- मोहसिन नकवी

नकवी ने बांग्लादेश को विश्व क्रिकेट का ‘बड़ा हितधारक’ बताते हुए कहा कि आईसीसी ने इस मामले में उसके साथ अनुचित व्यवहार किया है. उन्होंने कहा, “बांग्लादेश विश्व क्रिकेट का एक बड़ा हितधारक है और इस मामले में उसके साथ अन्याय हुआ है. बुधवार की बैठक में भी मैंने यही बात रखी थी. उनकी स्थिति के पीछे कई कारण हैं, जिनका खुलासा समय आने पर करूंगा.

पीसीबी अध्यक्ष ने आईसीसी की निर्णय प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि ‘एक सदस्य देश’ अनुचित प्रभाव डाल रहा है. नकवी ने कहा, “एक देश फैसले थोप रहा है. जब आईसीसी ने पाकिस्तान और भारत के मामलों में स्थान बदलकर सुविधा दी, तो बांग्लादेश के लिए ऐसा क्यों नहीं किया गया? हमारी नीति और रुख बिल्कुल स्पष्ट है. जब समय आएगा और सरकार फैसला लेगी, तो सभी को इसकी जानकारी होगी. हम आईसीसी के अधीन नहीं हैं, बल्कि अपनी सरकार के प्रति जवाबदेह हैं. प्रधानमंत्री की वापसी के बाद वही निर्णय लेंगे और हम सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp