ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, अब BCB के पास 2 ऑप्शन; टी20 वर्ल्ड कप मामले में नया मोड़

ICC ने ठुकराई बांग्लादेश की मांग, अब BCB के पास 2 ऑप्शन; टी20 वर्ल्ड कप मामले में नया मोड़


2026 टी20 वर्ल्ड कप के शुरू होने में अब एक महीने से भी कम का वक्त बाकी है. हालांकि, अब तक बांग्लादेश का मामला सुलझा नहीं है. दरअसल, IPL से बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान के बाहर किए जाने के बाद BCB यानी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC से मांग की थी कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप के उनके मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट कर दिए जाएं. इसके पीछे बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था. अब आईसीसी ने बांग्लादेश के इस दावे को खारिज कर दिया है कि भारत में सुरक्षा का कोई खतरा है. इससे साफ है कि आईसीसी बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने को तैयार नहीं है.

आईसीसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उन्हें ऐसा कुछ नहीं मिला है, जिसे सुरक्षा का खतरा कहा जा सके. आईसीसी ने जांच में सुरक्षा का खतरा बिल्कुल ना के बराबर यानी (Low to Moderate) आंका है. बता दें कि ये किसी भी मैच के आयोजन के लिए सामान्य है. हालांकि, अभी आईसीसी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. 2026 टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होना है.

आज आईसीसी और बीसीबी के बीच हुई बातचीत, अपनी जिद पर अड़ा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड

रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को बीसीबी और आईसीसी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस पर टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बातचीत की. टूर्नामेंट के शुरू होने में अब बेहद कम समय बचा है, लेकिन बीसीबी अपनी जिद पर अड़ा हुआ है. इस बातचीत में बीसीबी ने आईसीसी से अपने ग्रुप स्टेज के मैचों को भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने का अनुरोध किया है.

बीसीबी की तरफ से अध्यक्ष मोहम्मद अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष मोहम्मद शखावत हुसैन और फारूक अहमद, निदेशक और क्रिकेट संचालन समिति के अध्यक्ष नजमुल आबेदीन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी ने अपने रुख की पुष्टि की. बीसीबी ने एक बार फिर अपने अनुरोध के पीछे ‘सुरक्षा संबंधी चिंताओं’ का हवाला दिया.

इसके जवाब में आईसीसी ने कहा कि टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही घोषित किया जा चुका है. साथ ही आईसीसी ने बीसीबी से अपने रुख पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया. हालांकि, बीसीबी की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बांग्लादेश ने अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया है और आईसीसी के साथ अपने अनुरोध पर बातचीत जारी है.

अब बांग्लादेश के पास 2 ऑप्शन 

अभी तक मामले के ना निपटने से यह साफ है कि आईसीसी बांग्लादेश की मांग नहीं मान सकती है. इसके पीछा का कारण यह है कि टूर्नामेंट के शुरू होने में अब ज्यादा समय बाकी नहीं है. साथ ही होटेल बुकिंग, खिलाड़ियों और सपोर्टिंग स्टाफ के वीजा और बाकी सभी जरूरी चीजों का इंतजाम पहले ही हो चुका है. अब अचानक इसमें बदलाव करना लगभग असंभव है. ऐसे में बांग्लादेश के पास सिर्फ 2 ऑप्शन ही बचते हैं. या तो बांग्लादेश तय शेड्यूल के मुताबिक टूर्नामेंट में खेले या फिर टूर्नामेंट से नाम वापस ले ले. 

अगर बांग्लादेश नहीं खेलता है और टूर्नामेंट से नाम वापस लेता है तो फिर आईसीसी उनकी जगह किसी दूसरी टीम को ला सकती है. हालांकि, ये भी इतने कम समय में आसान नहीं होगा. ऐसे में आईसीसी हर बार बांग्लादेश से अपना फैसला बदलने का ही अनुरोध करेगी. वैसे, अगर कोई दूसरी टीम आती है तो फिर वो स्कॉटलैंड हो सकती है.



Source link

RCB के फैंस के लिए बैड न्यूज, विराट कोहली की टीम के लिए 2 होम ग्राउंड फाइनल

RCB के फैंस के लिए बैड न्यूज, विराट कोहली की टीम के लिए 2 होम ग्राउंड फाइनल


बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का होम ग्राउंड नहीं होगा. IPL 2026 में आरसीबी अपने होम मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल सकती है. RCB के अलावा राजस्थान रॉयल्स भी अपना होम ग्राउंड बदल सकती है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2025 का खिताब जीता था. उस ऐतिहासिक जीत के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजेता टीम RCB के लिए जीत की परेड होने वाली थी. इसी दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसके कारण 11 लोगों की मौत हो गई थी. उस दुखद घटना के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई उच्च स्तरीय क्रिकेट मैच नहीं खेला गया है.

RCB को मिलेंगे 2 नए होमग्राउंड!

खबर है कि RCB अगले सीजन यानी IPL 2026 में पांच मैच नवी मुंबई में खेल सकती है, जबकि 2 मुकाबले रायपुर में करवाए जा सकते हैं. आरसीबी मैनेजमेंट ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करके इस नतीजे पर पहुंचा है. पिछले साल चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के बाद लगातार मैदान को लेकर सुरक्षा चिंताएं चर्चा का केंद्र बनी रही हैं. अभी तक चिन्नास्वामी स्टेडियम को किसी बड़े लेवल का मैच आयोजित करने की अनुमति नहीं मिल पाई है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले सीजन बेहतरीन प्रदर्शन किया था. पॉइंट्स टेबल में RCB की टीम दूसरे स्थान पर रही थी. वहीं फाइनल में बेंगलुरु की टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर जीत दर्ज की थी. ये 18 साल में पहला मौका रहा जब RCB ने इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीता.

राजस्थान रॉयल्स का भी बदलेगा होमग्राउंड

पिछले वर्ष राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन चुनाव नहीं करवा पाई थी. उसके बाद आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने RCA से कहा था कि वह चुनाव नहीं करवा पाता है तो राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने घरेलू मैच जयपुर में आयोजित नहीं करवा पाएगी. 

यह भी पढ़ें:

RCB के फैंस के लिए बैड न्यूज, चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं होंगे मैच; विराट कोहली की टीम के लिए 2 होम ग्राउंड फाइनल



Source link

परफ्यूम, लोशन और फोकस…बैटिंग से पहले ऐसा होता है विराट कोहली का रूटीन, वायरल वीडियो ने खोले राज

परफ्यूम, लोशन और फोकस…बैटिंग से पहले ऐसा होता है विराट कोहली का रूटीन, वायरल वीडियो ने खोले राज


भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में हैं. वजह सिर्फ उनका बल्ला नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम से सामने आया एक वीडियो है, जिसमें उनके बैटिंग से पहले की तैयारी साफ दिखाई दे रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 93 रन की शानदार पारी खेलने वाले कोहली ने जहां टीम इंडिया को जीत दिलाई, वहीं मैदान के बाहर उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

ड्रेसिंग रूम का वीडियो हुआ वायरल

मैच के दौरान जैसे ही रोहित शर्मा आउट हुए, एक फैन ने विराट कोहली का ड्रेसिंग रुम में तैयार होते हुए वीडियो बना लिया. इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कोहली मैदान में उतरने से पहले किसी लंबी तैयारी में समय नहीं गंवाते. बस कुछ ही पलों में परफ्यूम लगाया, हाथों पर लोशन, थोड़ा सा कुछ खाया और फिर ग्लव्स पहनते ही उनका पूरा फोकस खेल पर आ जाता है. यह पूरी प्रक्रिया इतनी तेज होती है, मानो हर कदम पहले से तय हो.

इस वीडियो ने साफ कर दिया कि विराट कोहली सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि तैयारी के मामले में भी बेहद प्रोफेशनल हैं. उनका हर कदम तय होता है और वह किसी भी पल बल्लेबाजी के लिए पूरी तरह तैयार रहते हैं.

पहले वनडे में विराट का जलवा

वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में विराट कोहली ने एक जिम्मेदार और शानदार पारी खेली. भारत जब लक्ष्य का पीछा कर रहा था, तब कोहली ने संयम के साथ बल्लेबाजी की और 93 रन बनाकर टीम की जीत की नींव रखी. इस पारी के दौरान उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 28,000 रन पूरे कर लिए और सचिन तेंदुलकर के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने. हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी को फैंस ने खूब सराहा.

दूसरे वनडे में फिर दिखेगा विराट का दम?

क्रिकेट फैंस को उम्मीद है कि राजकोट में विराट कोहली एक और बड़ी पारी खेलेंगे और इस बार शतक पूरा करेंगे. अगर ऐसा हुआ, तो रिकॉर्ड्स की सूची में उनका नाम और ऊपर जाएगा.





Source link

आरजे महवश के साथ रिश्ते पर पहली बार बोले युजवेंद्र चहल, सबकुछ कर दिया साफ; जानें क्या कहा

आरजे महवश के साथ रिश्ते पर पहली बार बोले युजवेंद्र चहल, सबकुछ कर दिया साफ; जानें क्या कहा


भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस आरजे महवश के रिलेशनशिप की खबरें लंबे वक्त से मीडिया में आ रही हैं. अक्सर दोनों के फोटोज और वीडियोज भी सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं. दोनों के डेटिंग की खबरें लगातार सुर्खियों में रहती हैं. अब युजवेंद्र चहल ने पहली बार आरजे महवश के साथ अपने रिलेशन पर खुलकर बात की है. महवश के साथ रिश्ते के अलावा चहल ने एक्स वाइफ धनश्री वर्मा से तलाक पर भी प्रतिक्रिया दी है.

धनश्री वर्मा से तलाक पर बोले चहल- वो चैप्टर अब खत्म

इंटरव्यू में एक्स वाइफ धनश्री वर्मा को लेकर युजवेंद्र चहल ने कहा, वो चैप्टर अब खत्म हो चुका है. वो मेरी लाइफ का एक चैप्टर था, जो खत्म हो गया. मैं अब उससे आगे निकल गया हूं. मैं अब उस बारे में बात भी नहीं करना चाहता, क्योंकि मैं आगे बढ़ चुका हूं. मैं उसमें अटका नहीं रहना चाहता. मेरी अपनी लाइफ चल रही है और उसकी (धनश्री) अपनी अलग जिंदगी चल रही है. वो अपनी लाइफ में खुश रहे. कोर्ट से बाहर आने के बाद सब खत्म हो गया था.

आरजे महवश के साथ रिश्ते पर पहली बार बोले चहल

युजवेंद्र चहल ने इंटरव्यू में इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस आरजे महवश के डेटिंग पर कहा, वो सिर्फ मेरी दोस्त है. दोस्त साथ घूमते हैं तो फोटोज और वीडियोज आ ही जाते हैं. कोई रिलेशनशिप नहीं है. हैप्पी सिंगल. इससे साफ होता है कि चहल और महवश सिर्फ दोस्त हैं. चहल ने साफ किया है कि वह अभी सिंगल हैं.

पिछले साल चहल और धनश्री का हुआ था तलाक

बता दें कि चहल 2020 में लॉकडाउन के दौरान धनश्री से मिले थे. इसके बाद दोनों में दोस्ती हुई और फिर प्यार. 2020 में ही दोनों ने सगाई कर ली थी. फिर दोनों की शादी हुई. धनश्री अक्सर चहल को सपोर्ट करने स्टेडियम भी जाती थीं. हालांकि, अचानक 2024 में खबर आई कि दोनों अलग हो गए हैं, ये सभी फैंस के लिए हैरान करने वाली खबर थी. 2025 में दोनों ने कानूनी रूप से कोर्ट में तलाक लिया. धनश्री वर्मा से अलग होने के बाद युजवेंद्र चहल को आरजे महवश के साथ देखा गया. महवश कई बार चहल का मैच देखने स्टेडियम गई, उनकी आईपीएल टीम को चीयर किया. इसने अफवाहों को और बढ़ाया कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं.



Source link

भारत के खिलाफ आखिरी सीरीज, फिर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास; ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने किया एलान

भारत के खिलाफ आखिरी सीरीज, फिर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास; ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने किया एलान


ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान एलिसा हीली ने अपने फैसले से चौंका दिया है. इस दिग्गज विकेटकीपर ने साफ कर दिया है कि वह 2026 महिला टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं लेंगी. एलिसा हीली ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का एलान कर दिया है. हीली महिला टी20 विश्व कप का हिस्सा नहीं होंगी. वह भारत के खिलाफ फरवरी-मार्च में होने वाली घरेलू सीरीज के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगी.

एलिसा हीली ने साफ किया है कि वह इस साल होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए टीम की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी हिस्सा नहीं लेंगी. पर्थ में होने वाली वनडे सीरीज और एक डे-नाइट टेस्ट में वह ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगी. यह उनके करियर की आखिरी सीरीज होगी.

एलिसा हीली ने कहा, “अपने देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए हमेशा सबसे बड़ा सम्मान रहा है. भारत के खिलाफ आने वाली सीरीज उनके करियर की आखिरी सीरीज होगी.क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने उन्हें क्रिकेट की ऑल-टाइम ग्रेट खिलाड़ियों में से एक बताया और ऑस्ट्रेलियन महिला क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की.

बता दें कि एलिसा हीली ने 2010 में 19 साल की उम्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. उन्हें महिला क्रिकेट की सबसे खतरनाक बल्लेबाजों और बेहतरीन विकेटकीपरों में गिना जाता है. वह आठ आईसीसी विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीमों का हिस्सा रहीं, जिसमें छह टी20 और दो वनडे विश्व कप शामिल हैं. वह 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ऑस्ट्रेलिया की गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम की भी सदस्य थीं.

मेग लैनिंग के संन्यास के बाद 2023 में हीली को ऑस्ट्रेलिया की फुल-टाइम कप्तान बनाया गया था. कप्तान के तौर पर उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि इंग्लैंड के खिलाफ 16-0 से मल्टी-फॉर्मेट एशेज वाइटवॉश रही. उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 2024 महिला टी20 विश्व कप और 2025 महिला वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई. उनके नाम विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने और अंतरराष्ट्रीय टी20 में उनके नाम रिकॉर्ड 126 डिसमिसल हैं.

ऑस्ट्रेलिया के लिए हीली ने अब तक 162 टी20, 126 वनडे और 11 टेस्ट मैच खेले हैं. बीबीएल में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए 11 सीजन में उन्होंने 3,000 से अधिक रन बनाए हैं. हीली के नाम दो बीबीएल खिताब हैं. वीमेंस प्रीमियर लीग में वह यूपी वॉरियर्स की कप्तान भी रह चुकी हैं.



Source link

श्रेयस अय्यर के पास सुनहरा मौका, 34 रन बनाते ही रच देंगे नया इतिहास

श्रेयस अय्यर के पास सुनहरा मौका, 34 रन बनाते ही रच देंगे नया इतिहास


भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला श्रेयस अय्यर के लिए खास होने वाला है. बुधवार को राजकोट में खेले जाने वाले मैच में भारतीय उपकप्तान श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का बड़ा मौका है. अय्यर अपने वनडे करियर के 3,000 रन पूरे करने से सिर्फ 34 रन दूर हैं. अगर वह यह आंकड़ा छू लेते हैं, तो वह ऐसा कारनामा कर दिखाएंगे, जो उनसे पहले कई दिग्गज भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाए हैं.

सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने का मौका

श्रेयस अय्यर ने अब तक 68 वनडे पारियों में 2,966 रन बनाए हैं. अगर वह दूसरे वनडे में 34 रन बना लेते हैं, तो वह महज 69 पारियों में 3,000 रन पूरे कर लेंगे. इसके साथ ही वह भारत की ओर से सबसे कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. अभी यह रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 72 पारियों में 3,000 रन पूरे किए थे. विराट कोहली को इस मुकाम तक पहुंचने में 75 पारियां लगी थीं, जबकि रोहित शर्मा और सचिन तेंदुलकर भी इस सूची में उनसे पीछे हैं.

सबसे कम पारियों में 3000 वनडे रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज

शिखर धवन – 72 मैच

विराट कोहली –  75 मैच

केएल राहुल – 78 मैच

नवजोत सिंह सिद्धू – 79 मैच

सौरव गांगुली- 82 मैच

वर्ल्ड क्रिकेट में भी खास जगह

श्रेयस अय्यर का यह रिकॉर्ड सिर्फ भारतीय क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा.  69 पारियों में 3000 रन पूरे करने के साथ वह वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विव रिचर्ड्स की बराबरी भी कर लेंगे. उनसे आगे सिर्फ हाशिम अमला, शाई होप और फखर जमान जैसे नाम हैं. यह आंकड़ा अय्यर की निरंतरता और मैच जिताने की क्षमता को दर्शाता है.

चोट से वापसी के बाद शानदार लय

श्रेयस अय्यर ने 2017 में भारत के लिए वनडे डेब्यू किया था. करियर के दौरान वह कई बार चोट और टीम चयन के कारण बाहर भी हुए, लेकिन हर बार उन्होंने वापसी कर खुद को साबित किया. हाल ही में चोट से उबरने के बाद उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया. टूर्नामेंट में उन्होंने अहम पारियां खेलीं और इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भी 49 रन की उपयोगी पारी खेली.

दूसरे वनडे में सबकी नजरें अय्यर पर

राजकोट में होने वाले मुकाबले में श्रेयस अय्यर पर सभी की निगाहें होंगी. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए 34 रन बनाना उनके लिए बड़ी चुनौती नहीं लगती. अगर वह यह कारनामा कर लेते हैं, तो न सिर्फ टीम इंडिया को मजबूती मिलेगी, बल्कि उनका नाम भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाएगा. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp