टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अब बेहद रोमांचक होने वाला है. सेमीफाइनल में शानदार जीत के बाद भारतीय टीम खिताब से बस एक कदम दूर है, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम ने मुकाबले से पहले ही अपनी रणनीति साफ कर दी है. न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर एक दिलचस्प बयान दिया है और कहा है कि वह भी इंसान हैं और किसी भी दिन उनसे गलती हो सकती है.

दरअसल, टी 20 वर्ल्डकप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया था और बाद में डेथ ओवरों में बुमराह की शानदार गेंदबाजी ने टीम को जीत दिलाई. बुमराह की इसी फॉर्म को देखते हुए न्यूजीलैंड के खिलाड़ी भी पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरना चाहते हैं.

ग्लेन फिलिप्स का बयान

फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ग्लेन फिलिप्स ने कहा कि बुमराह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं, लेकिन हर खिलाड़ी की तरह उनसे भी कभी-कभी गलती हो सकती है. उन्होंने कहा, “बुमराह शानदार गेंदबाज हैं और उनके पास कई तरह की वैरायटी है. खासकर डेथ ओवरों में वह बहुत सटीक यॉर्कर डालते हैं, लेकिन वह भी इंसान हैं और अगर किसी दिन उनसे गलती होती है तो हमें उस मौके का फायदा उठाना होगा.”

फिलिप्स ने यह भी कहा कि उनकी टीम किसी एक खास रणनीति के साथ मैदान पर नहीं उतरेगी. न्यूजीलैंड बल्लेबाज हालात के हिसाब से खेलेंगे और गेंदबाजों की लाइन-लेंथ के मुताबिक अपनी रणनीति बदलेंगे.

बुमराह को लेकर खास तैयारी

न्यूजीलैंड टीम का मानना है कि बुमराह के चार ओवरों को सिर्फ बचाने की रणनीति बनाना सही नहीं होगा. फिलिप्स के मुताबिक, अगर बुमराह अच्छा गेंदबाजी करते हैं तो बल्लेबाजों को उसके हिसाब से खेलना होगा, लेकिन अगर वह चूकते हैं तो उस मौके को भुनाना जरूरी होगा.

फाइनल पर टिकी नजरें

अब सभी की नजरें 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले पर हैं. दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं और मुकाबला बेहद कड़ा होने की उम्मीद है. भारतीय टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना लेकर मैदान पर उतरेगी, जबकि न्यूजीलैंड पहली बार इस खिताब को अपने नाम करने की कोशिश करेगा. ऐसे में फाइनल मुकाबले में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है, खासकर जब मुकाबला जसप्रीत बुमराह जैसे घातक गेंदबाज के खिलाफ हो. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp