पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को पाकिस्तान की टेस्ट टीम का हेड कोच बनने का ऑफर दिया है. अब पीसीबी को सरफराज के जवाब का इंतजार है. अगर सरफराज पाकिस्तान की टेस्ट टीम के हेड कोच बनते हैं तो वह सबसे कम उम्र में यह जिम्मेदारी संभालने वाले बन जाएंगे.
38 साल के सरफराज अहमद पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में खेले हैं. पीसीबी उनके जूनियर लेवल के कामकाज से काफी खुश है. ऐसे में पाकिस्तान बोर्ड ने सरफराज को टेस्ट टीम के हेड कोच पद का ऑफर दिया है. पीसीबी 38 वर्षीय सरफराज से यह पद संभालने के लिए उनकी पुष्टि का इंतजार कर रहा है. अगर सरफराज यह पद स्वीकार करते हैं तो वह सबसे युवा मुख्य कोच बन जाएंगे.
पाकिस्तान का आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत इस साल टेस्ट मैचों का कार्यक्रम काफी व्यस्त है, जिसमें मई में बांग्लादेश में दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे. इसके बाद पाकिस्तान की टीम वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का दौरा करेगी. पाकिस्तान ने अपनी अंतिम टेस्ट सीरीज पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी धरती पर खेली थी, जो 1-1 से ड्रॉ रही थी. उस सीरीज में पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद ने अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका निभाई थी.
बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड वाइट बॉल क्रिकेट और रेड बॉल क्रिकेट में अलग-अलग हेड कोच के साथ चल रहा है. फिलहाल माइक हेसन पाकिस्तान की वनडे और टी20 इंटरनेशनल टीम के हेड कोच हैं. अब सरफराज को टेस्ट टीम का हेड कोच पद ऑफर हुआ है. पहले अजहर महमूद पाकिस्तान की टेस्ट टीम के मुख्य कोच थे. हालांकि, वह अंतरिम हेड कोच नियुक्त हुए थे.
सरफराज अहमद का इंटरनेशनल करियर
38 साल के सरफराज अहमद पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं. टेस्ट में उनके नाम 3031 रन, वनडे में 2315 रन और टी20 इंटरनेशनल में 818 रन हैं. सरफराज तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान के कप्तान भी रहे हैं. सरफराज की कप्तानी में ही पाकिस्तान ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था.