टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर कई दिनों तक अनिश्चितता बनी रही थी. पाकिस्तान की ओर से पहले इस मैच को लेकर अलग रुख दिखाई दिया था, लेकिन अब तस्वीर साफ है. 15 फरवरी को कोलंबो में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी.

इस पूरे घटनाक्रम के बीच भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा ने भी अपनी राय दी है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का फोकस सिर्फ क्रिकेट पर है और वे इस बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं. तिलक ने साफ किया कि टीम को जैसे ही मैच की पुष्टि मिली, सभी ने अपनी तैयारी को उसी दिशा में मोड़ दिया.

तैयारी पर है पूरा ध्यान

नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले मीडिया से बात करते हुए तिलक ने कहा कि टीम को एक दिन पहले ही पता चल गया था कि भारत-पाक मैच होगा. इसके बाद से खिलाड़ी पूरी तरह मैच खेलने के मोड में हैं. उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी मानसिक रूप से तैयार हैं और हर टीम पर नजर रखी जा रही है.

तिलक के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट वीडियो एनालिसिस और तकनीक की मदद से विरोधी टीम के गेंदबाजों और बल्लेबाजों की ताकत और कमजोरी को लेकर अध्यन कर रही है. पिच का मिजाज कैसा रहेगा, किस गेंदबाज को टारगेट करना है और किन शॉट्स का इस्तेमाल करना है, इन सभी पहलुओं पर विस्तार से काम किया जा रहा है.

पाकिस्तान को हो सकता है घरेलू फायदा

भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने भी माना कि पाकिस्तान की टीम कुछ समय से श्रीलंका में ही ठहरी हुई है, जिससे उन्हें स्थानीय परिस्थितियों की बेहतर समझ हो सकती है. हालांकि भारतीय टीम इसे चुनौती के तौर पर देख रही है.

तिलक ने भी साफ कहा कि टीम फिलहाल एक-एक मैच पर ध्यान दे रही है. पहले टीम को नामीबिया के खिलाफ मुकाबला खेलना है फिर पाकिस्तान. उनका मानना है कि टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए फोकस और तैयारी ही सबसे बड़ा हथियार है. 



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp