अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेल जा रहा है. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक अंदाज में शतक ठोका है. उन्होंने फाइनल मैच में 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में लगाया गया सबसे तेज शतक है. पिछले मैचों में खराब बैटिंग के लिए सूर्यवंशी ट्रोल हो रहे थे, लेकिन फाइनल में उन्होंने ऐतिहासिक पारी खेल इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं.
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे तेज सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं. इसके अलावा यह अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है. वर्ल्ड कप में सबसे तेज सेंचुरी का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विल मालाजुक के नाम है, लेकिन फाइनल में सबसे तेज सेंचुरी का विश्व रिकॉर्ड अब सूर्यवंशी के नाम हो गया है.
वो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले केवल तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं. उनसे पहले उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालड़ा (2018) ऐसा कर चुके हैं. सूर्यवंशी ने मुकाबले में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है, क्योंकि वो किसी अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच की पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने इस पारी में 15 छक्के लगाकर ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने एक ही पारी में 12 छक्के लगाने का कारनामा किया था.
15 छक्के, 15 चौके
वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में 80 गेंद खेलकर 175 रनों की पारी खेली. 218.75 के तूफानी स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी में उनके बल्ले से 15 चौके और 15 ही छक्के निकले. उन्होंने 150 रन तो केवल बाउंड्री से ही बना दिए. वैभव अब इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप पर चले गए हैं. उन्होंने 7 पारियों में 62.71 के बेहतरीन औसत से 439 रन बनाए हैं, जिनमें उनके बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतकीय पारी निकलीं.