रोहित शर्मा आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एंबेसडर हैं. वह भारत बनाम यूएसए मैच से पहले मैदान में ट्रॉफी के साथ पहुंचे. भारत ने उनकी कप्तानी में पिछला वर्ल्ड कप जीता था, जिसमें वर्तमान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. शनिवार को हुए मैच से पहले सूर्या जब एक सवाल के साथ रोहित के पास पहुंचे तो रोहित मस्ती भरे अंदाज में डांट लगा दी.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत भारत ने जीत के साथ की. टीम ने यूएसए को 29 रनों से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 161 रन बनाए थे. हालांकि एक समय ऐसा लग रहा था जैसे 100 रन भी मुश्किल से बनेंगे. भारत ने अपने 6 विकेट 77 रनों पर गंवा दिए थे. वानखेड़े में हुए इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ ट्रॉफी का अनावरण किया. वह भारतीय खिलाड़ियों से भी मिले.
रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार को क्यों लगाई डांट?
टॉस के समय रोहित शर्मा ग्राउंड से जा रहे थे, इस दौरान भारतीय कप्तान दौड़कर उनके पास आए और उनसे कहा, “जल्दी बताओ, मुझे बल्लेबाजी करनी चाहिए या पहले गेंदबाजी?” बस फिर क्या था, इतना सुनते ही रोहित हैरान हो गए, उन्होंने कहा, “पागल है क्या? गेंदबाजी कर.” इस पर सूर्या भी हंसने लग गए.
रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को गले लगाया. उन्होंने सिराज को टीम में आने पर बधाई दी. ईशान किशन से भी उनके पिछले प्रदर्शन को लेकर तारीफ की. इस दौरान जब भारतीय खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम की बालकनी में थे और रोहित नीचे, तो उन्होंने खिलाड़ियों से कहा, “अजीब लग रहा है ना, वहां से यहां अजीब लग रहा है न?”
भारत की ऐतिहासिक जीत
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के पिछले संस्करण (2024) में सभी 8 मैच जीते थे, जबकि एक मैच नहीं हुआ था. भारत ने यूएसए को हराकर इतिहास रचा. अब टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है.