इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का एलान कर दिया है. डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी. वहीं टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा. 

2026 टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी से होगा. वहीं टूर्नामेंट का फाइनल मैच 8 मार्च को खेला जाएगा. गत चैंपियन भारत 7 फरवरी को मुंबई में यूएसए (अमेरिका) के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा, जिसके बाद नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ लीग मैच होंगे. 

2026 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. अगर फाइनल में पाकिस्तान की टीम क्वालीफाई करती है तो फिर खिताबी मैच श्रीलंका के कोलंबो में होगा. इसी तरह सेमीफाइनल मैच मुंबई में खेला जाना है, लेकिन पाकिस्तान की टीम अगर सेमीफाइनल में जाती है तो फिर वो कोलंबो में सेमीफाइनल खेलेगी.

20 टीमें लेंगी हिस्सा, 8 वेन्यू पर खेले जाएंगे मैच 

2026 टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी. पहली बार इटली भी इस मेगा इवेंट के लिए क्वालीफाई हुई है. आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी होने के बाद बताया कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप के मैच कुल आठ वेन्यू पर खेले जाएंगे. टूर्नामेंट के मैच भारत के पांच वेन्यू पर होंगे, वहीं श्रीलंका के तीन स्थानों पर मैच आयोजित होंगे. भारत में दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद में टूर्नामेंट के मैच खेले जाएंगे. वहीं श्रीलंका में कोलंबो और कैंडी में 2026 टी20 वर्ल्ड कप के मैच होंगे.

2026 टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का शेड्यूल

भारत बनाम अमेरिका, 7 फरवरी, मुंबई
भारत बनाम नामीबिया, 12 फरवरी, दिल्ली
भारत बनाम पाकिस्तान, 15 फरवरी, कोलंबो
भारत बनाम नेदरलैंड्स, 18 फरवरी, अहमदाबाद

भारत ने 2 बार जीता है टी20 वर्ल्ड कप 

बता दें कि टीम इंडिया 2 बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है. भारतीय टीम ने सबसे पहले 2007 में पहला टी20 विश्व कप अपने नाम किया था. तब एमएस धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को हराया था. इसके बाद 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.



Source link

YouTube
Instagram
WhatsApp